आगरा के आंवलखेड़ा में चोरों ने दीवार काटकर नगदी और जेवरात उड़ाए, इलाके में दहशत

आगरा। थाना बरहन क्षेत्र के आंवलखेड़ा में देर रात चोरों ने सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। चोर घर की दीवार काटकर भीतर घुसे और 70 हजार रुपए नकदी के साथ सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए। घटना से पूरे गांव में डर का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

Sep 13, 2025 - 12:28
 0
आगरा के आंवलखेड़ा में चोरों ने दीवार काटकर नगदी और जेवरात उड़ाए, इलाके में दहशत
आगरा में बरहन थाना क्षेत्र के आंवलखेड़ा में दीवार काटकर हुई चोरी के घर का बिखरा पड़ा सामान।

आंवलखेड़ा निवासी मुकेश कुमार, जो एक निजी कोल्ड स्टोरेज में लेबर ठेकेदारी का काम करते हैं, के घर को चोरों ने निशाना बनाया। देर रात चोर दीवार काटकर घर के भीतर घुसे और घर का सारा सामान अस्त-व्यस्त कर दिया। अलमारी में रखी मजदूरों को देने के लिए रखी नगदी और जेवरात पर हाथ साफ कर दिया।

रात करीब तीन बजे घर के एक सदस्य की नींद खुली तो चोरी का खुलासा हुआ। घर में ताले टूटे मिले और सारा सामान बिखरा पड़ा था। घटना की सूचना तुरंत थाना बरहन पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घर का मुआयना किया। बरहन थानाध्यक्ष ने बताया कि आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में पिछले कई महीनों से चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। बाइक और ट्यूबवेल चोरी की घटनाओं के बाद अब घरों को निशाना बनाया जा रहा है। इससे लोग दहशत में हैं और पुलिस से कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

SP_Singh AURGURU Editor