अछनेरा में चोरों का आतंक, दो घरों में धावा, 13 लाख के गहने और नकदी ले गए बदमाश
अछनेरा के नगला जारिया गांव में गुरुवार रात बदमाशों ने दो घरों में चोरी कर करीब 13 लाख रुपये के गहने और 30 हजार रुपये नकद पार कर दिए। नारायण सिंह के घर से बेटे और बेटी की नवंबर में होने वाली शादी के लिए जुटाए गए करीब आठ लाख रुपये के जेवर चोरी हुए। उनके भतीजे बबलू के घर से भी करीब पांच लाख के गहने और नकदी चोरी हुई। इससे पहले बुर्जा हनुमान मंदिर में भी चोरी हुई थी। लगातार घटनाओं के बाद ग्रामीणों ने पुलिस की रात्रि गश्त पर सवाल उठाए हैं।
बेटे-बेटी की नवंबर में होनी है शादी, घर में रखे आठ लाख के जेवर चोरी, दूसरे घर से पांच लाख के गहने और 30 हजार रुपये पार
आगरा। अछनेरा थाना क्षेत्र में चोरी की लगातार हो रही घटनाओं ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। बुर्जा हनुमान मंदिर में चोरी के 24 घंटे बाद भी पुलिस चोरों तक नहीं पहुंच पाई थी, इसी बीच गुरुवार रात बदमाशों ने नगला जारिया गांव में दो घरों को निशाना बनाकर पुलिस की गश्त व्यवस्था को चुनौती दे दी। चोर दोनों मकानों से करीब 13 लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने और 30 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। सुबह चोरी की जानकारी होने पर गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर डायल 112 की पीआरवी के साथ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीड़ितों से चोरी हुए सामान की जानकारी ली।
बेटे-बेटी की शादी के लिए जुटाए थे आठ लाख के जेवर
पीड़ित नारायण सिंह ने बताया कि उनके बेटे और बेटी की शादी नवंबर में होनी है। परिवार शादी की तैयारियों में जुटा था। शादी के लिए करीब आठ लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के गहने खरीदकर घर में रखे गए थे। रात में बदमाश मौका पाकर घर में दाखिल हुए और शादी के लिए जुटाकर रखे गए सभी गहने समेट ले गए। सुबह जब परिवार को चोरी का पता चला तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। शादी के लिए कई महीनों से जुटाई गई पूंजी एक ही रात में चोरी हो गई।
भतीजे के घर से भी लाखों का माल साफ
चोरों ने नारायण सिंह के भतीजे बबलू के घर को भी निशाना बनाया। बबलू के मुताबिक, उनके घर से झुमके, पैंडल और करीब आधा किलो वजन की कमर की कंडोनी समेत लगभग पांच लाख रुपये कीमत के गहने चोरी हुए हैं। इसके अलावा बदमाश घर से 30 हजार रुपये नकद भी ले गए। बबलू ने बताया कि उनके पड़ोस के प्लॉट में मकान निर्माण का काम चल रहा है। रात करीब ढाई बजे ट्रैक्टर-ट्रॉली से मिट्टी आई थी और परिवार के लोग प्लॉट पर काम देख रहे थे। इसी दौरान चोरों ने उनके चाचा नारायण सिंह के घर को निशाना बना लिया। बाद में जब बबलू अपने घर पहुंचे तो मकान के मुख्य गेट के ताले टूटे मिले। अंदर जाकर देखा तो सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था और घर में रखे गहने व नकदी गायब थी।
सुबह पांच बजे खुला चोरी का राज
परिजनों को चोरी की जानकारी सुबह करीब पांच बजे हुई। इसके बाद तत्काल डायल 112 पर सूचना दी गई। पीआरवी के साथ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घरों का निरीक्षण किया। पुलिस ने पीड़ित परिवारों से चोरी हुए गहने और नकदी का ब्योरा लिया। घटनास्थल से मिले सुरागों के आधार पर चोरों की तलाश शुरू करने की बात कही गई है।
मंदिर के बाद घरों में चोरी, पुलिस गश्त पर सवाल
अछनेरा क्षेत्र में लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में भय बढ़ रहा है। बुर्जा हनुमान मंदिर में चोरी के बाद अब एक ही रात में दो घरों को निशाना बनाए जाने से पुलिस की रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि रात में पुलिस की गश्त प्रभावी होती तो चोरों के हौसले इतने बुलंद नहीं होते। मंदिर में चोरी के बाद पुलिस अभी आरोपियों तक नहीं पहुंच पाई थी कि बदमाशों ने दो घरों में सेंध लगा दी। इससे ग्रामीणों में असुरक्षा की भावना और गहरी हुई है।
पुलिस बोली-घटना की जानकारी मिली, जांच जारी
थाना प्रभारी विजय चंदेल सिंह वर्मा ने बताया कि नगला जारिया में चोरी की घटना की जानकारी मिली है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची है और घटना की जांच की जा रही है। पीड़ितों से चोरी हुए सामान की जानकारी ली गई है। पुलिस अब आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य संभावित सुरागों की मदद से बदमाशों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। हालांकि, चोरी की वारदात के बाद ग्रामीणों के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर लगातार हो रही घटनाओं के बावजूद रात में सक्रिय चोरों पर पुलिस कब शिकंजा कसेगी?