संभल के कुएं में तीसरी मूर्ति और मिली, तीनों खंडित हैं  

संभल। संभल में 14 दिसंबर को खोजे गए शिव मंदिर के पास स्थित कुएं की खुदाई से एक मूर्ति और बरामद हुई है। इस प्रकार सुबह से अब तक तीन मूर्तियां मिल चुकी हैं। इनमें दो मूर्तियां मां पार्वती और एक भगवान श्री गणेश की है। ये तीनों मूर्तियां खंडित हैं। उधर आज मंदिर में शिवलिंग पर रुद्राभिषेक भी हुआ।

Dec 16, 2024 - 12:18
 0
संभल के कुएं में तीसरी मूर्ति और मिली, तीनों खंडित हैं   
संभल में कुएं से बरामद खंडित मूर्तियां।

-कुएं से बरामद तीनों मूर्तियों में दो मां पार्वती और एक गणेश की, तीनों मूर्तियां खंडित हैं

-खोजे गए शिवलिंग में सोमवार के दिन हुआ रुद्राभिषेक, बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं श्रद्धालु

शिव मंदिर के पास स्थित कुएं की प्रशासन द्वारा सफाई कराई जा रही है। आज सुबह मलबा निकाले जाने के बाद 20 फीट की गहराई पर मां पार्वती की दो खंडित मूर्तियां मिली थीं। मूर्तियां मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गए थे।

इसके बाद कुएं से दो फीट और मलबा निकाले जाने के बाद भगवान श्री गणेश की एक मूर्ति और मिली। ये तीनों मूर्तियां खंडित हालत में हैं। तीन मूर्तियां मिलने की सूचना मिलने के बाद बड़ी संख्या में हिंदू धर्मावलंबी मौके पर पहुंच गए थे।

प्रशासनिक अधिकारियों ने तीनों मूर्तियों को कब्जे में लेकर एएसआई को सूचित कर दिया है। प्रशासन कुएं से बरामद तीनों मूर्तियों की कार्बन डेटिंग कराकर यह पता लगाना चाहता है कि ये मूर्तियां कितनी पुरानी हैं। माना जा रहा है कि कुएं से बरामद मूर्तियां इसी मंदिर की हैं, जिसे 46 साल पहले बंद कर दिया गया था।

आज शिवलिंग पर हुआ रुद्राभिषेक

संभल में मुस्लिम आबादी बहुल इलाके में खोजे गए शिव मंदिर पर आज सुबह सोमवार को विधि विधान के साथ श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर रुद्राभिषेक किया। इस दौरान बड़ी संख्या में भक्त मौजूद थे। हर-हर महादेव के नारों से मंदिर परिसर गूंज रहा था। इससे पहले श्रद्धालुओं ने हनुमान चालीसा का पाठ भी किया। मंदिर में विराजमान हनुमान जी की प्रतिमा पर चोला चढ़ाया जा चुका है। मंदिर पर हिंदू श्रद्धालु निरंतर पहुंच रहे हैं।

SP_Singh AURGURU Editor