इस बार श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को भव्य बनाने के लिए होंगी प्रयागराज महाकुंभ जैसी व्यवस्थाएं
मथुरा। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के लिए इस बार प्रयागराज महाकुंभ जैसी तैयारियां की जा रही हैं। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के सभागार में हुई बैठक में जन्माष्टमी की तैयारियों पर चर्चा हुई। गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस वर्ष जन्माष्टमी का आयोजन महाकुंभ की तर्ज पर भव्य, सुव्यवस्थित और यादगार होना चाहिए।
16 अगस्त को मनेगा जन्मोत्सव, पांच प्रमुख मंचों पर होंगी प्रस्तुतियां
इस बार जन्माष्टमी 16 अगस्त 2025 को धूमधाम से मनाई जाएगी। इसके लिए मथुरा में पांच बड़े मंच निर्धारित किए गए हैं, जहां सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। ये मंच हैं- पांचजन्य प्रेक्षागृह, ओपन एयर थिएटर-रसखान समाधि, ओपन एयर थिएटर परसौली चंद्र सरोवर, श्रीकृष्ण जन्मस्थान लीला मंच और गीता शोध संस्थान, वृंदावन।
बीस स्थानों पर बनेंगे छोटे मंच, शहरभर में दिखेंगी सांस्कृतिक झलकियां
शहर के विभिन्न स्थानों पर 20 छोटे मंच भी बनाए जाएंगे, जिनमें महाविद्या चौराहा, डीग गेट सब्जी मंडी, बीएसए कॉलेज, कृष्णापुरी तिराहा, गोवर्धन चौराहा, महावन चौरासी खंभा मंदिर आदि शामिल हैं। इन पर भी विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित होंगी।
238 कलाकारों द्वारा सड़कों पर दिखेंगी लीलाएं, 5100 दीपों से सजेगा विश्राम घाट
कुल 23 ग्रुपों के 238 कलाकार स्ट्रीट परफॉर्मेंस के माध्यम से प्रमुख मार्गों पर श्रीकृष्ण लीला का मंचन करेंगे। वहीं, विश्राम घाट पर 5100 दीपों का भव्य प्रज्ज्वलन किया जाएगा।
17 सेल्फी पॉइंट, 20 चौराहों की विद्युत सजावट
पर्यटकों और श्रद्धालुओं को आकर्षित करने के लिए मथुरा में 17 सेल्फी पॉइंट बनाए जाएंगे। जनपद के 20 प्रमुख चौराहों और घाटों पर विद्युत सजावट और रोशनी की विशेष व्यवस्था होगी।
श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर शोभायात्रा, चित्रकला शिविर का आयोजन
श्रीकृष्ण जन्मस्थान क्षेत्र में 325 कलाकारों द्वारा शोभायात्रा निकाली जाएगी। वहीं, राजकीय संग्रहालय में श्रीकृष्ण की लीलाओं पर आधारित चित्रकला शिविर आयोजित किया जाएगा।
सफाई, स्वास्थ्य, विद्युत आपूर्ति और सड़क मरम्मत पर विशेष ध्यान
मंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मंदिरों के आसपास विशेष सफाई अभियान चलाया जाए। नगर निगम अस्थाई टॉयलेट्स की व्यवस्था करे। विद्युत विभाग निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करे, ट्रांसफॉर्मरों की बैरिकेडिंग और तारों की मरम्मत हो। लोक निर्माण विभाग सभी मार्गों की मरम्मत समय पर पूर्ण करे।
स्वास्थ्य सेवाएं चाकचौबंद रहें, अस्पतालों में बेड आरक्षित रखने के निर्देश
चिकित्सा विभाग को निर्देशित किया गया कि आयोजन स्थलों पर एम्बुलेंस और मेडिकल टीमें मौजूद रहें। अस्पतालों में पर्याप्त दवाइयां और स्टाफ रहें और प्राइवेट अस्पतालों में भी कुछ बेड आरक्षित रखे जाएं।
सूचना विभाग को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के विस्तृत प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए गए। एलईडी वैन, स्क्रीन, होर्डिंग, स्टैंडी, प्रदर्शनी आदि की व्यवस्था एक सप्ताह पूर्व से की जाएगी।
सुरक्षा व्यवस्था महाकुंभ जैसी हो, पुलिस को निर्देश
मंत्री ने पुलिस को महाकुंभ की तरह सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। क्योंकि जन्माष्टमी पर देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु आते हैं, अतः ट्रैफिक मैनेजमेंट, निगरानी और भीड़ नियंत्रण की ठोस व्यवस्था की जाए।
कृष्ण पर आधारित वाल पेंटिंग से सजेगा पूरा जनपद
जिलाधिकारी ने नगर निगम और विकास प्राधिकरण को निर्देश दिए कि पूरा जनपद भगवान कृष्ण की वाल पेंटिंग से सजे। प्रमुख मार्गों और चौराहों पर थीम आधारित लाइटिंग और सजावट की जाए ताकि श्रद्धालु ब्रज का सौंदर्य अनुभव करें।
बैठक में शामिल रहे ये अधिकारी और जनप्रतिनिधि
बैठक में ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र, महापौर विनोद अग्रवाल, विधायक पूरन प्रकाश, एमएलसी ओम प्रकाश सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार, परिषद के सीईओ श्याम बहादुर सिंह, उप जिलाधिकारी अभिनव जे जैन, मुख्य चिकित्सा अधिकारी संजीव यादव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।