आगरा कॊलेज एनसीसी एयर विंग के तीन कैडेट्स का राष्ट्रीय गणतंत्र दिवस शिविर के लिए चयन
आगरा। आगरा कॉलेज, आगरा ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की है। महाविद्यालय के एनसीसी एयर विंग के तीन होनहार कैडेट्स का गणतंत्र दिवस शिविर 2025–26 के लिए चयन हुआ है। यह उपलब्धि न केवल कॉलेज, बल्कि पूरे आगरा जनपद और उत्तर प्रदेश निदेशालय के लिए गर्व का विषय है। चयनित कैडेट्स 1 यूपी एयर स्क्वाड्रन, आगरा के अंतर्गत कठिन और अनुशासित प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।
चयनित कैडेट्स ने बढ़ाया कॉलेज का मान
इस प्रतिष्ठित शिविर के लिए एलएफसी अमन कुमार एवं एलएफसी देवराज पांडे का चयन गार्ड ऑफ ऑनर के लिए हुआ है, जबकि एलएफसी अदिति यादव का चयन कर्तव्यपथ श्रेणी में किया गया है।
राष्ट्रीय मंच पर गणतंत्र दिवस समारोह में भाग लेना किसी भी एनसीसी कैडेट के लिए सर्वोच्च उपलब्धि मानी जाती है। इन तीनों कैडेट्स का चयन उनकी असाधारण मेहनत, अनुशासन, शारीरिक क्षमता और नेतृत्व कौशल का प्रत्यक्ष प्रमाण है।
एनसीसी अधिकारी ने कहा- यह साधना और समर्पण का परिणाम
आगरा कॉलेज के एनसीसी (एयर विंग) अधिकारी फ्लाइंग ऑफिसर नितेश शर्मा ने कहा कि यह सफलता कैडेट्स की वर्षों की कठिन साधना, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि ये कैडेट्स राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर आगरा कॉलेज का नाम और ऊँचा करेंगे।
प्राचार्य ने दी शुभकामनाएं
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर सी. के. गौतम ने चयनित कैडेट्स को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि आगरा कॉलेज की अनुशासित शैक्षणिक और एनसीसी परंपरा को सशक्त बनाती है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि कैडेट्स गणतंत्र दिवस शिविर में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर महाविद्यालय, जनपद और उत्तर प्रदेश निदेशालय को गौरवान्वित करेंगे।