गृह विज्ञान संस्थान में नवागंतुकों के लिए तीन दिवसीय स्वागत-सत्र, शिक्षा और सहभागिता का संगम
आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के गृह विज्ञान संस्थान में शैक्षणिक सत्र 2025-26 के नव प्रवेशित छात्र-छात्राओं के लिए तीन दिवसीय स्वागत एवं मार्गदर्शन सत्र (ओरिएंटेशन प्रोग्राम) का आयोजन किया गया। इस प्रेरणात्मक कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान की डीन एवं निदेशक प्रो. अर्चना सिंह ने किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को संस्थान की शैक्षणिक संरचना, कार्यप्रणाली, और प्रयोगात्मक अधिगम से परिचित कराना रहा। बी.एससी. होम साइंस, बी.एससी. न्यूट्रिशन एंड डायटेटिक्स, एम.एससी. ह्यूमन डेवलपमेंट, एम.एससी. फूड एंड न्यूट्रिशन, एम.एससी. एक्सटेंशन एजुकेशन सहित विभिन्न पाठ्यक्रमों के छात्रों ने इसमें सहभागिता की।
प्रथम दिवस पाठ्यक्रम की रूपरेखा, परीक्षा पद्धति, मूल्यांकन प्रणाली, संस्थान के नियम-कायदे और प्रयोगशालाओं का अवलोकन कराया गया। शिक्षकों ने विद्यार्थियों से संवाद स्थापित कर शैक्षणिक यात्रा को सहज एवं समृद्ध बनाने के लिए उन्हें प्रोत्साहित किया। उपस्थित शिक्षकों में डॉ. ममता सारस्वत, डॉ. रश्मि शर्मा, डॉ. नेहा सक्सेना, डॉ. दीप्ति सिंह, डॉ. प्रीति यादव, डॉ. प्रिया यादव, डॉ. अनुपम गुप्ता, एवं डॉ. कविता सिंह शामिल रहीं।
दूसरे दिन ह्यूमन डेवलपमेंट एवं फैमिली स्टडीज विभाग द्वारा दो इनडोर खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। छात्रों ने खेलों में अत्यंत उत्साह और प्रतिस्पर्धात्मक भावना के साथ भाग लिया। फूड एंड न्यूट्रिशन विभाग ने क्विज प्रतियोगिता एवं न्यूट्री-पज़ल जैसी ज्ञानवर्धक गतिविधियाँ आयोजित कीं। विजेता प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार भी प्रदान किए गए, जिससे उनका उत्साह और बढ़ा।
कार्यक्रम का अंतिम दिन प्रेरणा, संवाद और समर्पण का प्रतीक रहा। वरिष्ठ शिक्षकों ने विद्यार्थियों को संस्थान की शैक्षिक विरासत, नैतिक मूल्यों, और सामाजिक उत्तरदायित्व से जोड़ने वाले अनुभव साझा किए। छात्रों को समूह चर्चा, प्रोजेक्ट वर्क और अकादमिक योजनाओं से भी परिचित कराया गया।