संगीत प्रतियोगिता में तीन सौ कलाकारों ने बांधा समां
आगरा। 60वीं निनाद संगीत प्रतियोगिता का वृहद आयोजन 9 एवं 10 नवंबर को हिलमैन पब्लिक स्कूल शास्त्रीपुरम में किया गया। इस प्रतियोगिता का आयोजन पंडित रघुनाथ तलेगांवकर फाउंडेशन ट्रस्ट एवं संगीत कला केंद्र आगरा के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
यह आयोजन पंडित रघुनाथ तलेगांवकर जन्मशती वर्ष के अंतर्गत संगीत महर्षि पंडित विष्णु दिगंबर के पुण्य स्मरण में किया गया।
आगरा नगर निगम सीएलसी के डिप्टी सेक्रेटरी डा. राकेश शुक्ला तथा डा. वेद प्रकाश त्रिपाठी ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया।
इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए सात राज्यों के प्रतिभागी पहुंचे। इसमें समूह गान, समुह नृत्य, बाल किशोर गायन, भरत नाट्यम, लोक नृत्य, शास्त्रीय गायन, स्वर वाद्य, ताल वाद्य, भजन, ठुमरी, दादरा की प्रतियोगिता हुई।
इसमें लगभग तीन सौ प्रतिभागियों ने अपनी कला का प्रदर्शन कर इसे पारंपरिक संगीत के रंग से भर दिया। 10 नवंबर को ज्येष्ठ वर्ग में प्रतियोगिता होगी।