अजय राय समेत तीनों नेता आगरा की कोर्ट में नहीं पहुंचे, अब 23 जुलाई को होगी बहस

आगरा। थाना फतेहपुर सीकरी क्षेत्र के पांच वर्ष पुराने एक मामले में प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, विधानमंडल के पूर्व नेता प्रदीप माथुर और पूर्व एमएलसी विवेक बंसल के विरुद्ध अभियोजन द्वारा दायर अपील पर अब 23 जुलाई 2025 को बहस होगी। शुक्रवार को अपर जिला जज लोकेश कुमार की अदालत में बहस की तारीख नियत थी, लेकिन तीनों नेता कोर्ट में उपस्थित नहीं हो सके, जिस पर कोर्ट ने अगली सुनवाई की तिथि 23 जुलाई तय की है।

Jul 11, 2025 - 16:09
 0
अजय राय समेत तीनों नेता आगरा की कोर्ट में नहीं पहुंचे, अब 23 जुलाई को होगी बहस

-कोविड उल्लंघन मामले में हुए थे बरी, अब अभियोजन की अपील पर फिर चलेगा पक्ष-विपक्ष

ज्ञात हो कि कोरोना काल में 19 मई 2020 को फतेहपुर सीकरी में राजस्थान सीमा पर बसों को यूपी में प्रवेश कराने को लेकर कांग्रेस नेताओं ने विरोध प्रदर्शन किया था। आरोप है कि उस दौरान नेताओं ने नारेबाजी की, मास्क नहीं पहना और सामाजिक दूरी का पालन नहीं किया। इस मामले में धारा 188, 269 आईपीसी व महामारी अधिनियम की धाराओं में एफआईआर दर्ज हुई थी।

स्पेशल एमपी-एमएलए कोर्ट के जज अर्जुन की अदालत ने सबूतों के अभाव में 2 अप्रैल 2023 को तीनों नेताओं को बरी कर दिया था। कोर्ट ने कहा था कि कोई स्वतंत्र गवाह नहीं है और पुलिस बयानों में विरोधाभास है। इसके बाद अभियोजन ने इस निर्णय को सत्र न्यायालय में चुनौती दी।

शुक्रवार को सुनवाई के दौरान अभियोजन की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता रमाशंकर शर्मा, आर.एस. मौर्य, के.पी. सिंह चौहान, सर्वेश कुमार व उमेश जोशी उपस्थित हुए, लेकिन तीनों नेता कोर्ट में हाजिर नहीं हुए। अजय कुमार लल्लू की ओर से उनके अधिवक्ता ने बताया कि वे कांग्रेस हाईकमान के निर्देश पर उड़ीसा में हैं, इसलिए अनुपस्थित हैं। इस पर अदालत ने अगली तारीख 23 जुलाई को सुनवाई निर्धारित करते हुए तीनों नेताओं को व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने के आदेश दिए हैं।

SP_Singh AURGURU Editor