खेलते-खेलते तालाब में जा गिरा तीन साल का मासूम, इलाज के दौरान मौत
आगरा के सदर थाना क्षेत्र के नगला अफोय ग्राम सभा नैनाना ब्राह्मण में खेलते समय तीन साल का मासूम तालाब में गिर गया। ग्रामीणों ने बच्चे को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत से नारायण सिंह कुशवाह के परिवार में कोहराम मच गया।
आगरा। सदर थाना क्षेत्र के नगला अफोय ग्राम सभा नैनाना ब्राह्मण में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे ने परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। घर के बाहर खेल रहा तीन साल का मासूम अचानक तालाब में जा गिरा। कुछ देर बाद बच्चे के तालाब में गिरने की जानकारी होने पर आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने किसी तरह तालाब में उतरकर बच्चे को बाहर निकाला और तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद मासूम की जान नहीं बच सकी।
बताया गया है कि नारायण सिंह कुशवाह का तीन वर्षीय बेटा घर के आसपास खेल रहा था। खेलते-खेलते वह तालाब के पास पहुंच गया और अचानक संतुलन बिगड़ने से पानी में गिर गया। बच्चे के तालाब में गिरने की जानकारी होते ही परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों ने तत्काल बच्चे को तालाब से बाहर निकाला। परिजन बच्चे को लेकर आनन-फानन में अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया। काफी प्रयास के बाद भी बच्चे की हालत में सुधार नहीं हुआ। इलाज के दौरान डॉक्टरों ने मासूम को मृत घोषित कर दिया।
बच्चे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। जिस आंगन में कुछ देर पहले मासूम की किलकारियां गूंज रही थीं, वहां अचानक चीख-पुकार मच गई। माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मासूम की मौत की खबर से गांव में भी मातम पसरा हुआ है। पुलिस के अनुसार, हादसे की जानकारी जुटाई जा रही है। तीन साल की मासूम जिंदगी का इस तरह अचानक खत्म हो जाना पूरे परिवार के लिए ऐसा सदमा है, जिसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है।