आगरा के बल्केश्वर मेले में इस बार नहीं होगा झूलों का रोमांच, प्रशासन ने रद्द की अनुमति, अवैध वसूली की शिकायत के बाद लिया गया बड़ा फैसला

आगरा। कमला नगर थाना क्षेत्र में सावन के दूसरे सोमवार को लगने वाले प्रसिद्ध बल्केश्वर महादेव मेले में इस बार झूलों का रोमांच नजर नहीं आएगा। आयोजकों के बीच विवाद, आपसी खींचतान और सुरक्षा को लेकर स्थानीय लोगों की आपत्तियों के बाद प्रशासन ने 25 जुलाई से 18 अगस्त तक झूले लगाने की दी गई अनुमति को निरस्त कर दिया है। बब्बन का बाड़ा, मान सिंह पार्क और बल्केश्वर क्षेत्र में प्रस्तावित छोटे-बड़े झूलों पर अब रोक लगा दी गई है। प्रशासन के इस फैसले का उद्देश्य मेले के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना बताया गया है।

Jul 24, 2026 - 19:26
 0
आगरा के बल्केश्वर मेले में इस बार नहीं होगा झूलों का रोमांच, प्रशासन ने रद्द की अनुमति, अवैध वसूली की शिकायत के बाद लिया गया बड़ा फैसला
बल्केश्वर महादेव मंदिर।

विवाद, तनाव और शिकायतों के बाद हुई कार्रवाई

बल्केश्वर मेले में झूले लगाने को लेकर पिछले कई दिनों से विवाद की स्थिति बनी हुई थी। बल्केश्वर निवासी चंद्रेश गर्ग ने जिलाधिकारी, एसीपी तथा कमला नगर थाने में शिकायत देकर झूलों की अनुमति निरस्त करने की मांग की थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि क्षेत्र के कुछ लोग झूलों के संचालकों से अवैध वसूली करते थे, जिसके कारण झूले संचालक टिकट की कीमत बढ़ाकर प्रति व्यक्ति 70 से 80 रुपये तक वसूलते थे। पिछले साल इसी तरह की अवैध वसूली का एक झूला संचालक ने खुलासा भी किया था।

शिकायतकर्ता का कहना था कि मेला कमेटी की ओर से झूले की कीमत आम लोगों के लिए 20 से 25 रुपये के बीच रखने की बात कही जाती थी, लेकिन कथित अवैध वसूली के कारण झूला संचालक अधिक शुल्क लेने को मजबूर होते थे। इससे श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में असंतोष बढ़ रहा था।

स्थानीय लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था पर जताई चिंता

बल्केश्वर मेले में हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु और क्षेत्रीय लोग पहुंचते हैं। ऐसे में झूलों की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और व्यवस्थाओं को लेकर भी स्थानीय लोगों ने भी चिंता जताई थी। विवाद की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए अनुमति निरस्त करने का निर्णय लिया।

प्रशासनिक अधिकारियों का मानना है कि मेले के दौरान कानून व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार का विवाद या तनाव बढ़ने से पहले ही स्थिति को नियंत्रित करना जरूरी है।

मेला प्रशासन की निगरानी में कराने की मांग

मेला कमेटी की पूर्व अध्यक्ष ममता शर्मा और चंद्रेश गर्ग ने जिलाधिकारी से यह भी मांग की है कि बल्केश्वर मेले का संचालन पूरी तरह प्रशासन की देखरेख में कराया जाए। उनका कहना है कि अब किसी भी कमेटी का मेले की व्यवस्थाओं में हस्तक्षेप नहीं होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि हर साल मेले की व्यवस्थाओं को लेकर विवाद की स्थिति पैदा होती है। स्थानीय स्तर पर सभी पक्षों में सहमति नहीं बन पाने के कारण समस्याएं बढ़ती हैं। इसलिए प्रशासन को आगे आकर पूरी व्यवस्था अपने नियंत्रण में लेनी चाहिए।

हर साल विवादों में घिरता है बल्केश्वर मेला

बल्केश्वर मेला आगरा के प्रमुख धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों में शामिल है। सावन के दौरान लगने वाले इस मेले में हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं। लेकिन पिछले कुछ वर्षों से व्यवस्थाओं, ठेके, झूलों और आयोजन की जिम्मेदारियों को लेकर विवाद सामने आते रहे हैं।

इस बार भी झूलों को लेकर शुरू हुआ विवाद प्रशासन तक पहुंच गया। शिकायतों और तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए झूलों की अनुमति रद्द कर दी गई है।

SP_Singh AURGURU Editor