किसानों को उद्यमिता से जोड़ने के लिए मंडलायुक्त ने आगरा में कृषि आधारित उद्योग का प्रस्ताव मांगा
आगरा। किसानों की आमदनी बढ़ाने और खेती से जुड़े उद्यमों को प्रोत्साहित करने के लिए मंडलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह ने मंगलवार को कमिश्नरी के लघु सभागार में महत्वपूर्ण बैठक की। इसमें एमएसएमई, कृषि, उद्यान विभाग और भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक का फोकस किसानों को खेती के साथ-साथ स्वरोजगार के नए अवसरों से जोड़ना रहा।
मंडलायुक्त ने एमएसएमई विभाग को निर्देश दिए कि वह किसान संगठनों के साथ पंचायत स्तर पर बैठकों का आयोजन करे और किसानों को केंद्र व राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की विस्तृत जानकारी दे। उन्होंने कहा कि इन बैठकों में योजनाओं का लाइव डेमो और प्रस्तुतीकरण होना चाहिए, ताकि किसानों को समझने में आसानी हो।
किसान नेताओं ने सुझाव दिया कि खेती से इतर भी किसानों को आजीविका के अवसर मिलें, इसके लिए उन्हें योजनाओं और ऋण सुविधाओं की जानकारी समय पर मिले। खासतौर पर महिला उद्यमियों को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता है।
मंडलायुक्त ने यह भी निर्देश दिया कि आगरा में स्थापित हो रहे अंतरराष्ट्रीय आलू अनुसंधान केंद्र को ध्यान में रखते हुए, जनपद में एक कृषि आधारित उद्यम की स्थापना के लिए प्रस्ताव तैयार किया जाए। उन्होंने कहा कि यह कदम किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाएगा और रोजगार सृजन का माध्यम बनेगा।
बैठक में संयुक्त आयुक्त उद्योग अनुज कुमार, संयुक्त निदेशक कृषि संतोष सविता, उप निदेशक उद्यान धर्मपाल सिंह, एमएसएमई आगरा सहायक निदेशक अतुल, भाकियू अराजनैतिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेश चौहान, मण्डल अध्यक्ष राजकुमार तोमर सहित तमाम किसान मौजूद रहे।Top of Form
Bottom of Form