आनंदी भैरों मंदिर और गुरुद्वारा गुरु का ताल में होंगे पर्यटन विकास के कार्य 

आगरा। प्रदेश का पर्यटन मंत्रालय आगरा जिले के सात मंदिरों में पर्यटन विकास के कार्य 9.5 करोड़ रुपये की लागत से कराएगा। इसके लिए धन का आवंटन भी कर दिया गया है। आगरा उत्तर विधानसभा क्षेत्र में विधायक और सीएम कार्यालय के प्रस्ताव पर आनंदी भैरों और गुरुद्वारा गुरु का ताल पर पर्यटन विकास के कार्य कराए जाएंगे। कैबिनेट मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय के प्रस्ताव पर पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर का दो करोड़ रुपये से पर्यटन विकास कराया जाएगा।

Jul 20, 2025 - 22:32
 0
आनंदी भैरों मंदिर और गुरुद्वारा गुरु का ताल में होंगे पर्यटन विकास के कार्य 

प्रदेश सरकार द्वारा मंदिरों के पर्यटन विकास के लिए मांगे गए प्रस्तावों के तहत आगरा के पांच विधायकों चौ. बाबूलाल, कैबिनेट मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय, विधायक पुरुषोत्तम खण्डेलवाल, छोटेलाल वर्मा और भगवान सिंह कुशवाह ने अपने अपने विधानसभा क्षेत्र के प्रसिद्ध मंदिरों के पर्यटन विकास के प्रस्ताव भेजे थे। आगरा उत्तर क्षेत्र में स्थित गुरुद्वारा गुरु का ताल के पर्यटन विकास के लिए सीएम कार्यालय से प्रस्ताव पर्यटन मंत्रालय पहुंचा था। इन सभी प्रस्तावों को मंत्रालय ने मंज़ूरी देते हुए धन भी आवंटित कर दिया है। 

कैबिनेट मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय ने शाहगंज स्थित पृथ्वीनाथ मंदिर के पर्यटन विकास का प्रस्ताव भेजा था, जिसके लिए पर्यटन विभाग ने दो करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल द्वारा मऊ रोड स्थित आनंदी भैरों मंदिर के प्रस्ताव को मंज़ूरी देते हुए विभाग ने एक करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। 

मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा गुरुद्वारा गुरु का  ताल के विकास कार्यों के लिए भेजे प्रस्ताव को मंज़ूरी मिल गई है। इसके लिए दो करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है। इसी तरह विधायक बाबूलाल के प्रस्ताव पर ग्राम इटौरा के कैला माता मंदिर, विधायक छोटेलाल वर्मा के प्रस्ताव पर ग्राम पिपरी स्थित सती माता मंदिर और विधायक भगवान सिंह कुशवाह के प्रस्ताव पर ग्राम पंचायत महुआ खेड़ा स्थित बाबा दीनदयाल धाम मंदिर में पर्यटन विकास के कार्यों को मंजूरी दे दी गई है। इन तीनों मंदिरों के लिए एक-एक करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।