आगरा में टूरिस्ट फ्रेंडली फैसला, अब होटल-रेस्टोरेंट और खान-पान की दुकानें रात 12 बजे तक खुलेंगी

आगरा में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए होटल-रेस्टोरेंट और खान-पान की दुकानें अब रात 12 बजे तक खुलेंगी। प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में जाम, जेल में अवैध वसूली, स्वास्थ्य, शिक्षा, पशुपालन और ट्रैफिक व्यवस्था पर सख्त निर्देश दिए गए। शहर के भविष्य की ट्रैफिक प्लानिंग के लिए बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया है।

Jan 16, 2026 - 19:58
 0
आगरा में टूरिस्ट फ्रेंडली फैसला, अब होटल-रेस्टोरेंट और खान-पान की दुकानें रात 12 बजे तक खुलेंगी
प्रभारी मंत्री की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में मौजूद जनप्रतिनिधि।

सर्किट हाउस बैठक में बड़ा निर्णय, जाम, जेल और जनसमस्याओं पर प्रभारी मंत्री सख्त

आगरा। पर्यटन नगरी आगरा में आने वाले देश-विदेश के पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बड़ा और अहम फैसला लिया गया है। अब होटल, रेस्टोरेंट, चाय-पान की दुकानें, चाट और खाद्य सामग्री के काउंटर रात 12 बजे तक खुले रहेंगे। यह निर्णय नवीन सर्किट हाउस में आयोजित जिला योजना एवं समीक्षा बैठक में लिया गया, जिसकी अध्यक्षता पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने की। यह प्रस्ताव विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल द्वारा रखा गया था, जिस पर सहमति बनी।

जाम से निजात पर सख्त निर्देश

बैठक में जनप्रतिनिधियों ने आगरा की भीषण ट्रैफिक जाम समस्या को प्रमुखता से उठाया। इस पर प्रभारी मंत्री ने पुलिस कमिश्नर को निर्देश दिए कि हाईवे पर आईएसबीटी, अबुल्लाह दरगाह, वाटर वर्क्स, रामबाग जैसे संवेदनशील स्थानों पर किसी भी बस को खड़ा न होने दिया जाए। रोडवेज अधिकारियों को भी इस व्यवस्था का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए गए।

जेल के भीतर अवैध वसूली का मुद्दा फिर गरमाया

बैठक में एक बार फिर जेल के अंदर ‘मशक्कत’ के नाम पर अवैध वसूली का मुद्दा जोरदार तरीके से उठा। इस पर प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने जिलाधिकारी और पुलिस कमिश्नर को औचक निरीक्षण के निर्देश दिए। विधायकों से कहा कि वे इस संबंध में लिखित शिकायत शासन को भेजें, ताकि ठोस कार्रवाई हो सके।

राजस्व, IGRS और प्रशासनिक सख्ती

राजस्व विभाग की समीक्षा में बताया गया कि जनपद में 9991 विचाराधीन वाद लंबित हैं। प्रभारी मंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि धारा 24 व 34 के अंतर्गत कोई भी मामला समय सीमा से बाहर लंबित न रहे। दाखिल-खारिज के सभी मामलों का 45 दिन में निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। IGRS की समीक्षा में सभी शिकायतों का संतोषजनक निस्तारण और शिकायतकर्ता से फोन पर संवाद करने के निर्देश दिए गए।

स्वास्थ्य सेवाओं पर कड़ी नजर

जनपद में अब तक 9,34,353 आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं। 70 वर्ष से अधिक उम्र के सभी बुजुर्गों के आयुष्मान कार्ड अनिवार्य रूप से बनाए जाने के निर्देश दिए। पुष्पांजलि हॉस्पिटल की गंभीर अनियमितताओं जैसे आयुष्मान मरीजों को बिना इलाज लौटाना,अस्पताल के मेडिकल स्टोर से ही दवा खरीदने की मजबूरी,अवैध निर्माण
पर डीएम को जांच टीम गठित कर कड़ी कार्रवाई के आदेश दिए गए। ईएसआई अस्पताल भवन पर अवैध कब्जे के मामले में भवन को नगर आयुक्त की सुपुर्दगी में देने के निर्देश दिए गए।

पशुपालन और शिक्षा विभाग पर एक्शन

प्रभारी मंत्री ने फतेहपुर सीकरी के पशु चिकित्साधिकारी पर शराब पीकर ड्यूटी, दुर्व्यवहार और गौवंश सूपुर्दगी में अनियमितता के आरोप पर तत्काल हटाने और मुख्यालय से अटैच करने के निर्देश दिए। बेसिक शिक्षा विभाग में चाइल्ड केयर लीव (CCL) में अनियमितताओं पर प्रभारी मंत्री ने कड़ी फटकार लगाई और दोषियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए।

भविष्य की ट्रैफिक प्लानिंग पर फोकस

आगरा में बढ़ते सड़क हादसों और ट्रैफिक दबाव को देखते हुए एलीवेटेड रोड, रिंग रोड, ब्रिज, अंडरपास, यमुना पर नए पुल, एनएच-19 चौड़ीकरण, एमजी रोड-2 पर एलीवेटेड रोड के लिए समग्र ट्रैफिक प्लान और सर्वे रिपोर्ट तैयार कर अगली बैठक में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। साथ ही बिना हेलमेट, ओवरस्पीडिंग, ओवरलोडिंग और नशे में ड्राइविंग के खिलाफ सख्त अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।

पुलिस समीक्षा

बैठक में पुलिस आयुक्त ने बताया कि डकैती की घटनाएं शून्य रहीं। चोरी की घटनाओं में भी कमी आई है। हालांकि आर्थिक अपराध बढ़े हैं, जिस पर साइबर क्राइम होने पर 1930 पर तुरंत सूचना देने की अपील की गई।

इनकी रही उपस्थिति 

बैठक में राज्यसभा सदस्य नवीन जैन, जिला पंचायत अध्यक्ष डा. मंजू भदौरिया, महापौर हेमलाता दिवाकर कुशवाहा, विधायक रानी पक्षालिका सिंह, पुरूषोत्तम खण्डेलवाल, डा.धर्मपाल सिंह, एमएलसी विजय शिवहरे, जिला अध्यक्ष भाजपा  प्रशान्त पौनियां, महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, यशपाल राणा, पुलिस कमिश्नर  दीपक कुमार, जिलाधिकारी अरविन्द मल्लप्पा बंगारी, अपर पुलिस आयुक्त रामबदन सिंह, नगर आयुक्त अंकित खण्डेलवाल, सीएमओ डा.अरूण श्रीवास्तव एवं समस्त एडीएम सहित जनपद के सभी अधिकारीगण मौजूद रहे।