ताजमहल में उमड़ा सैलानियों का सैलाब, पार्किंग से लेकर गेट तक लगा रहा लंबा जाम

आगरा। प्रेम के प्रतीक ताजमहल पर शनिवार को सुबह से ही पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। ताजमहल के पूर्वी और पश्चिमी दोनों द्वारों पर लंबी-लंबी कतारें देखने को मिलीं। हजारों सैलानियों ने ताजमहल को निहारा। इस दौरान ताजमहल में प्रवेश को लेकर लम्बी कतारें जाम का अहसास करा रही थीं। 

Oct 25, 2025 - 22:56
 0
ताजमहल में उमड़ा सैलानियों का सैलाब, पार्किंग से लेकर गेट तक लगा रहा लंबा जाम
शनिवार को ताजमहल देखने पहुंचे हजारों सैलानियों की कुछ तस्वीरें।

शनिवार की छुट्टी और सुहावने मौसम का फायदा उठाते हुए देशी-विदेशी पर्यटक बड़ी संख्या में विश्व प्रसिद्ध स्मारक ताजमहल पहुंचे। सुबह 6 बजे ही टिकट खिड़कियों पर लंबी कतारें लग गईं। दोपहर तक यह भीड़ हजारों में पहुंच गई। कई पर्यटक तो सूर्योदय का नज़ारा देखने आए थे, वहीं बड़ी संख्या में पर्यटक ताजमहल के संगमरमर पर पहली धूप की किरणें गिरने का नजारा कैमरे में कैद करते नजर आए।

पार्किंग और सड़क पर दिखा जाम

पर्यटकों की भारी आमद के चलते पूर्वी और पश्चिमी गेट की पार्किंग पूरी तरह भर गई। शिल्पग्राम, अमरविलास बैरियर और फतेहाबाद रोड पर वाहनों की लंबी लाइनें लग गईं। ट्रैफिक पुलिस ने अतिरिक्त जवानों की तैनाती कर व्यवस्था संभाली। कई जगह पैदल पर्यटकों को प्रवेश द्वार तक पहुंचने के लिए लंबा रास्ता तय करना पड़ा।

विदेशी सैलानियों की भी रही अच्छी-खासी संख्या

शनिवार को ताजमहल में विदेशी पर्यटक बड़ी संख्या में नजर आए। कई विदेशी सैलानियों ने कहा कि भारत की यात्रा ताजमहल देखे बिना अधूरी है। कई नवविवाहित जोड़े और परिवार यहां फोटोग्राफी सत्र के लिए भी पहुंचे।

बढ़ती भीड़ को देखते हुए एएसआई और सीआईएसएफ ने सुरक्षा के अतिरिक्त इंतजाम किए। भीड़ नियंत्रित करने के लिए बैरिकेडिंग लगाई गई और प्रवेश द्वार पर सुरक्षा जांच को तेज किया गया। पर्यटन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि शनिवार को 20 हजार से अधिक सैलानियों के प्रवेश का अनुमान है, जो पिछले सप्ताहांत की तुलना में दोगुना है।

SP_Singh AURGURU Editor