सियाचिन की ओर : ऑपरेशन सिंदूर को समर्पित मोटरस्पोर्ट्स क्लब की बाइक यात्रा शुरू

आगरा। देशभक्ति और साहस का संदेश लिए मोटर स्पोर्ट्स क्लब आगरा के छह जांबाज़ बाइक राइडर्स रविवार को सियाचिन बेस कैंप के लिए ऐतिहासिक मोटरसाइकिल यात्रा पर रवाना हुए। यह यात्रा हाल ही में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में शहीद हुए नागरिकों की स्मृति और भारतीय सेना के ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को समर्पित है। इस अभियान का उद्देश्य राष्ट्र के रक्षकों को नमन करना और युवाओं में देशभक्ति की भावना को प्रोत्साहित करना है।

Jun 1, 2025 - 17:59
 0
सियाचिन की ओर : ऑपरेशन सिंदूर को समर्पित मोटरस्पोर्ट्स क्लब की बाइक यात्रा शुरू
आगरा में शनिवार को सूर्य नगर से सियाचिन के लिए रवाना हो रहे बाइक राइड को झंडी दिखाकर रवाना करते मोटर स्पोर्ट्स क्लब आगरा के अध्यक्ष राम मोहन कपूर एवं संरक्षक हर विजय वाहिया।  

यात्रा का फ्लैग-ऑफ समारोह सूर्य नगर स्थित क्लब कार्यालय से संपन्न हुआ, जिसमें क्लब के अध्यक्ष राम मोहन कपूर एवं संरक्षक हर विजय वाहिया ने ध्वज दिखाकर दल को शुभकामनाओं सहित रवाना किया।

अध्यक्ष राम मोहन कपूर ने बताया कि यह सिर्फ बाइकिंग एडवेंचर नहीं, बल्कि एक चलती-फिरती श्रद्धांजलि है। हमारा मकसद उन बहादुर सैनिकों के बलिदान को याद रखना है, जिन्होंने देश की सुरक्षा में प्राण न्योछावर किए।

संरक्षक हर विजय वाहिया ने बताया कि यात्रा कुल 11 दिनों की होगी और 11 जून को पुनः आगरा में सम्पन्न होगी। यह यात्रा युवाओं में देश के लिए कुछ करने का जज्बा जगाने का माध्यम भी बनेगी।

नेविगेटर प्रवीण सिकरवार ने बताया कि राइडर्स लगभग 3,500 किलोमीटर की दूरी तय करेंगे, जिसमें वे लद्दाख और हिमाचल के दुर्गम और ऊंचे पर्वतीय दर्रों से गुजरते हुए भारतीय सेना के ऐतिहासिक स्थलों तक पहुंचेंगे।
यात्रा के मुख्य पड़ावों में शामिल हैं- जांस्कर वैली, शिंकुला पास, बारा लाचा पास, खारदुंगला, उम्लिंग ला (दुनिया की सबसे ऊंची मोटरेबल रोड), हानले, तुरटुक, हुण्डर, पैंगोंग लेक और कारगिल-द्रास वॉर मेमोरियल।

इस दल में राइडर्स अभिनंदन शर्मा, विवेक शर्मा, आशीष गौतम, सुनील कुमार एवं अरुण शर्मा शामिल हैं, जो विशेष रूप से मॉडिफाइड हाई परफॉर्मेंस बाइक पर यह साहसिक यात्रा करेंगे।

SP_Singh AURGURU Editor