मेयर के वादे पर रुका व्यापारी आंदोलन: ट्रेड लाइसेंस शुल्क खत्म करने का भरोसा, नहीं माने तो फिर से सड़कों पर उतरेंगे सर्राफा कारोबारी

आगरा। ट्रेड लाइसेंस शुल्क के विरोध में उबल रहे सर्राफा व्यापारियों का आंदोलन फिलहाल थम गया है। नगर निगम पहुंचकर व्यापारियों ने मेयर हेमलता दिवाकर कुशवाह से मुलाकात की, जहां मेयर ने आगामी कार्यकारिणी बैठक में ट्रेड लाइसेंस शुल्क पूरी तरह समाप्त करने का आश्वासन दिया। इस भरोसे के बाद व्यापारियों ने अपना प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन स्थगित कर दिया, लेकिन साफ चेतावनी दी है कि वादा पूरा न हुआ तो आंदोलन और उग्र होगा।

Apr 13, 2026 - 18:37
 0
मेयर के वादे पर रुका व्यापारी आंदोलन: ट्रेड लाइसेंस शुल्क खत्म करने का भरोसा, नहीं माने तो फिर से सड़कों पर उतरेंगे सर्राफा कारोबारी
नगर निगम में मेयर हेमलता दिवाकर से ट्रेड लाइसेंस शुल्क के विरोध में भेंट करते आगरा सर्राफा एसोसिएशन के अध्यक्ष नितेश अग्रवाल, अन्य पदाधिकारी एवं व्यापारी।

आश्वासन पर रुका विरोध, लेकिन अल्टीमेटम बरकरार

आगरा सर्राफा एसोसिएशन के अध्यक्ष नितेश अग्रवाल ने बताया कि फिलहाल व्यापारी वर्ग ने सद्भावना दिखाते हुए आंदोलन को टाल दिया है। उन्होंने कहा कि यदि अगली कार्यकारिणी बैठक में शुल्क समाप्त करने की औपचारिक घोषणा नहीं होती, तो व्यापारी फिर से सड़कों पर उतरेंगे।

दुकानों की चाबियां निगम में जमा करने की चेतावनी

नितेश अग्रवाल ने दो टूक कहा कि मांग पूरी न होने पर सर्राफा व्यापारी अपनी दुकानों की चाबियां नगर निगम में जमा कर देंगे और जोरदार विरोध प्रदर्शन करेंगे। ऐसी स्थिति में पूरे घटनाक्रम की जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

टर्नओवर आधारित शुल्क पर उठे सवाल

अशोक कुमार अग्रवाल और बृजमोहन रैपुरिया ने कहा कि टर्नओवर आधारित ट्रेड लाइसेंस शुल्क सर्राफा व्यापार के लिए पूरी तरह अव्यावहारिक है। सोना-चांदी की ऊंची कीमतों के कारण कागजी टर्नओवर अधिक दिखाई देता है, जबकि वास्तविक लाभ सीमित होता है। ऐसे में यह शुल्क छोटे और मध्यम व्यापारियों के लिए भारी आर्थिक बोझ बन जाएगा।

व्यापारियों ने एक स्वर में मेयर से मांग की कि व्यापारिक हितों को ध्यान में रखते हुए इस प्रस्ताव को शीघ्र समाप्त किया जाए, ताकि बाजार में असंतोष की स्थिति न बने।

ये व्यापारी प्रमुख रूप से मौजूद रहे

इस दौरान नितेश अग्रवाल, अशोक अग्रवाल, बृजमोहन रैपुरिया, मनोज गुप्ता, मयंक अग्रवाल, गणेश चंद्र गोयल, राजकुमार अग्रवाल, अनिल मित्तल, पवन कुमार वर्मा, विजय अग्रवाल, जुगल अग्रवाल, अनिल नागवानी, प्रमोद मेडतवाल, संजय गुप्ता, सुरेश लवानिया, अभिमन्यु वर्मा सहित अनेक व्यापारी उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor