व्यापार, सम्मान और समाधान का मंच बनेगा व्यापारी सम्मेलन: ताजनगरी में होगा प्रदेशभर के व्यापारियों का जुटान, नीति से लेकर सुरक्षा तक होगा मंथन
आगरा। प्रदेश के व्यापारिक परिदृश्य में नई दिशा तय करने जा रहा द्वितीय व्यापारी महासम्मेलन अब ताजनगरी आगरा में होने जा रहा है। व्यापारियों की समस्याओं, सम्मान, संवाद और समाधान को केंद्र में रखकर आयोजित यह महासम्मेलन न केवल नीति-निर्माताओं और व्यापारियों के बीच सेतु बनेगा, बल्कि लोकल उत्पादों, एमएसएमई और व्यापारी सुरक्षा जैसे ज्वलंत मुद्दों पर ठोस विमर्श का मंच भी बनेगा।
उद्घोषणा समारोह में जारी हुआ महासम्मेलन का पोस्टर
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मण्डल की ओर से आयोजित द्वितीय व्यापारी महासम्मेलन एवं प्रदर्शनी की औपचारिक घोषणा बुधवार को धाकरान स्थित होटल मोती पैलेस में आयोजित उद्घोषणा समारोह के दौरान की गई। समारोह के मुख्य अतिथि विधान परिषद सदस्य विजय शिवहरे रहे। इस अवसर पर मण्डल पदाधिकारियों की उपस्थिति में महासम्मेलन का पोस्टर विधिवत रूप से जारी किया गया।
30 मार्च को ताज कन्वेंशन सेंटर में होगा भव्य आयोजन
जिलाध्यक्ष अनिल शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश स्तरीय द्वितीय व्यापारी महासम्मेलन का आयोजन 30 मार्च को होटल ताज कन्वेंशन सेंटर, आगरा में किया जाएगा। सम्मेलन का उद्घाटन उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य द्वारा किया जाएगा।
विशेष अतिथि के रूप में राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील जे. सिंघी एवं केंद्रीय मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल उपस्थित रहकर व्यापारियों को संबोधित करेंगे।
छापेमारी, जीएसटी और श्रम कानूनों पर होगा विमर्श
जिला प्रभारी राकेश गोयन ने कहा कि वर्तमान समय में व्यापारी निरंतर छापेमारी, श्रम कानूनों की जटिलताओं और जीएसटी के भय से त्रस्त हैं। जीएसटी लागू हुए वर्षों बीत जाने के बावजूद इसका सरलीकरण नहीं हो पाया है। सम्मेलन में व्यापारियों की सुरक्षा, सम्मान, लोकल फोर वोकल और सरकारी नीतियों से जुड़ी व्यावहारिक समस्याओं पर गंभीर मंथन किया जाएगा।
प्रदर्शनी और चार विषयक सत्र होंगे आकर्षण का केंद्र
बेलनगंज बाजार कमेठी अध्यक्ष शैलेन्द्र जैन ने बताया कि महासम्मेलन के साथ-साथ प्रदेश के विभिन्न जिलों के उत्पादों की विशेष प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी, जिससे स्थानीय उद्योगों और कारीगरों को नया बाजार मिलेगा।
सम्मेलन में चार अलग-अलग विषयों पर सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें व्यापारी संवाद कार्यक्रम के माध्यम से समस्याओं और उनके समाधान पर सीधी चर्चा होगी।
486 व्यापारियों को दिलाई जाएगी पद एवं दायित्व की शपथ
बोदला बाजार कमेठी अध्यक्ष सुधीर गोयल ने बताया कि सम्मेलन के दौरान मण्डल के प्रदेश अध्यक्ष बनवारी लाल कंछल द्वारा प्रदेशभर के 486 व्यापारियों को विभिन्न पदों की शपथ दिलाई जाएगी। साथ ही अपने-अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले उद्यमियों को सम्मानित भी किया जाएगा।
एमएसएमई सत्र, प्रश्नोत्तरी और लाफ्टर चैम्पियन का उद्बोधन
संरक्षक नारायण बहरानी ने बताया कि एमएसएमई सत्र में विशेषज्ञों द्वारा विस्तृत उद्बोधन के साथ प्रश्नोत्तरी सत्र आयोजित किया जाएगा, जिससे व्यापारी अपनी जिज्ञासाओं का समाधान सीधे विशेषज्ञों से प्राप्त कर सकेंगे।
इसके अतिरिक्त लाफ्टर चैम्पियन एवं व्यापारी प्रताप सिंह फौजदार अपने रोचक और व्यावहारिक उद्बोधन के माध्यम से वर्तमान व्यापारिक हालात पर प्रकाश डालेंगे। सम्मेलन के समापन पर प्रतिभागी व्यापारियों के लिए लक्की ड्रा का आयोजन भी किया जाएगा।
कार्यक्रम का संचालन सुधीर गोयल ने किया। इस अवसर पर पूर्व चेयरमेन किरावली विनोद अग्रवाल, रविकांत शर्मा, डॉ. त्रिलोकी अग्रवाल, समाउद्दीन अहमद, प्रशांत अग्रवाल, देवेंद्र प्रताप सिंह, अरविन्द शर्मा, यश शर्मा, लल्लू प्रधान, एमपी शास्त्री, जय नारायण कुशवाह, राजेश वर्मा, कपिल वाजपेयी, ब्रजेश अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में व्यापारी प्रतिनिधि मौजूद रहे।