मुरादाबाद रेल मंडल की वार्षिक कस्टमर मीट में व्यापारियों को मिला आश्वासन

मुरादाबाद। उत्तर रेलवे मुरादाबाद मंडल द्वारा मंगलवार को मनन सभागार में वार्षिक कस्टमर मीट का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मंडल रेल प्रबंधक आरके सिंह ने मुरादाबाद मंडल के अंतर्गत आने वाले लगभग 50 व्यापारिक प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि पार्सल एवं माल यातायात से जुड़ी समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाएगा। उन्होंने व्यापारिक प्रतिनिधियों से इस क्षेत्र को और बेहतर बनाने के लिए सुझाव भी आमंत्रित किए।

Apr 8, 2025 - 21:05
 0
मुरादाबाद रेल मंडल की वार्षिक कस्टमर मीट में व्यापारियों को मिला आश्वासन
मुरादाबाद रेल मंडल की वार्षिक कस्टमर मीट में संजीव खंडेलवाल को सम्मानित करते रेलवे अधिकारी।

इस अवसर पर बरेली के जगदीश इंटरनेशनल प्रा. लि. के संजीव खंडेलवाल (सोनू) समेत अन्य प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (फ्रेट) श्रीमती ऋचा शर्मा ने वर्ष 2024-25 की उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस वित्त वर्ष में कुल माल लोडिंग 6.1896 मीट्रिक टन रही, जो कि पिछले वर्ष की 5.9173 मीट्रिक टन की तुलना में 4.60% की वृद्धि है। उर्वरक लोडिंग में भी +6.47% की वृद्धि दर्ज की गई। वैगन उपयोग में +6.08% की बढ़ोत्तरी हुई है, जो मुरादाबाद मंडल की बेहतर कार्यप्रणाली को दर्शाता है।

वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक आशीष सिंह ने बताया कि इलेक्ट्रिक इंटरलॉकिंग प्रणाली एवं लूप लाइन्स के विस्तार से ट्रेनों की गति सीमा में वृद्धि हुई है, जिससे रेल संचालन में तीव्रता और सुधार आया है।

कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक (ओपी) परितोष गौतम, अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा) एस.पी. तिवारी, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक (पीएम) श्रीमती अंजू सिंह, मंडल वाणिज्य प्रबंधक रेहान रजा रिज़वी सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor