आगरा–दिल्ली हाईवे पर दर्दनाक हादसा, आईएसबीटी फ्लाईओवर पर मेटाडोर की टक्कर से बुजुर्ग की मौत, नातिन बाल-बाल बची
आगरा। आगरा–दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर आज एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। आईएसबीटी फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार मेटाडोर ने आगे चल रही एक्टिवा को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में एक्टिवा सवार एक बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। एक्टिवा पर उनके साथ उनकी नातिन बैठी थी, जो बुरी तरह सहम गई। गनीमत रही कि बच्ची को कोई गंभीर चोट नहीं आई, लेकिन हादसे के बाद वह बुरी तरह घबराई हुई नजर आई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि बुजुर्ग सड़क पर गिर पड़े और गंभीर चोट लगने के कारण उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के तुरंत बाद मेटाडोर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने का प्रयास किया।
हादसे के कारण फ्लाईओवर और हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त मेटाडोर को सड़क से हटवाया। काफी मशक्कत के बाद यातायात को सुचारू कराया जा सका।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है। वहीं, बच्ची को सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस फरार मेटाडोर चालक की तलाश में जुट गई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद हाईवे पर सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने फ्लाईओवर पर स्पीड कंट्रोल और ट्रैफिक निगरानी बढ़ाने की मांग की है।