घर के बाहर सो रहे दंपति को ट्रैक्टर-ट्रॉली ने कुचला, शाहजहांपुर में दर्दनाक हादसा, पोती गंभीर
उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में गुरुवार तड़के एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जब एक अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली ने घर के बाहर सो रहे दंपति को कुचल दिया। हादसे में पति-पत्नी की मौके पर मौत हो गई, जबकि उनकी 10 वर्षीय पोती गंभीर रूप से घायल हो गई।
-राजीव शर्मा-
शाहजहांपुर। जिले के पुवाया थाना क्षेत्र के सुनारा बुजुर्ग गांव में बुधवार देर रात दर्दनाक हादसा हुआ। ईंटें उतारकर लौट रही एक अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली ने घर के बाहर चारपाई पर सो रहे दंपति को रौंद दिया। हादसे में रामशंकर (48) और उनकी पत्नी तारावती (45) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पास सो रही पोती वंदना (10) गंभीर रूप से घायल हो गई।
पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने बताया कि हादसा बुधवार रात पुवाया-निगोही मार्ग पर हुआ, जब ट्रॉली का चालक नियंत्रण खो बैठा और सड़क किनारे बने घर के पास जाकर दंपति को कुचल दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घायल बच्ची को इलाज के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों ने शवों को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया और आरोपी ड्राइवर की गिरफ्तारी की मांग की। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने समझा-बुझाकर स्थिति को शांत कराया, जिसके बाद रात में सड़क से शव हटा दिए गए।
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मृतक परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए और आरोपी चालक को शीघ्र गिरफ्तार किया जाए।