आगरा में वाटर वर्क्स फ्लाईओवर पर दर्दनाक हादसा: वाहन से चपेट के बाद स्कूटर से गिरे बुजुर्ग को दूसरे वाहन ने कुचला, मौके पर ही मौत;  हाईवे पर लगे जाम में फंसे लोग गर्मी से बिलबिला उठे

आगरा। यमुना पार क्षेत्र के कालिंदी विहार निवासी 67 वर्षीय रमेश तिलक की शुक्रवार सुबह वाटर वर्क्स फ्लाईओवर पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। स्कूटर से कमला नगर की ओर जा रहे रमेश तिलक किसी वाहन की चपेट में आने के बाद अनियंत्रित हुए स्कूटर से सड़क पर गिर पड़े, तभी पीछे से आ रहे एक अन्य वाहन ने उन्हें कुचल दिया। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद फ्लाईओवर पर यातायात पूरी तरह थम गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

Jun 5, 2026 - 14:03
 0
आगरा में वाटर वर्क्स फ्लाईओवर पर दर्दनाक हादसा: वाहन से चपेट के बाद स्कूटर से गिरे बुजुर्ग को दूसरे वाहन ने कुचला, मौके पर ही मौत;  हाईवे पर लगे जाम में फंसे लोग गर्मी से बिलबिला उठे

यमुना पार से आते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार कालिंदी विहार निवासी रमेश तिलक शुक्रवार सुबह अपने स्कूटर से यमुन पार से कमला नगर की ओर जा रहे थे। जब वह हाईवे स्थित वाटर वर्क्स फ्लाईओवर पर पहुंचे, तभी उनका स्कूटर किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आकर अनियंत्रित हो गया। संतुलन बिगड़ने से वह सड़क पर गिर पड़े।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सड़क पर गिरते ही पीछे से आ रहे एक वाहन ने उन्हें कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जुट गई।

सूचना मिलते ही पहुंचे परिजन, पुलिस ने संभाला मोर्चा

दुर्घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। अचानक हुई इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। वहीं राहगीरों ने भी हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया।

घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटना के कारण फ्लाईओवर पर यातायात बुरी तरह प्रभावित हो गया था। शव को सड़क से हटाने और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने तक वाहनों की आवाजाही लगभग ठप रही।

भीषण गर्मी में जाम से बेहाल रहे लोग

हादसे के बाद फ्लाईओवर के दोनों ओर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं। भीषण गर्मी और उमस के बीच जाम में फंसे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई वाहन चालक एक घंटे से अधिक समय तक जाम खुलने का इंतजार करते रहे। पुलिस द्वारा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने और यातायात व्यवस्था बहाल करने के बाद धीरे-धीरे स्थिति सामान्य हो सकी।

SP_Singh AURGURU Editor