मां के नाम एक पेड़: वृंदावन में पीढ़ियों को जोड़ता पर्यावरण प्रेम का अनूठा संकल्प

वृंदावन। हरे कृष्णा ऑर्चिड रिहायशी सोसायटी में सोमवार को आयोजित "मां के नाम एक पेड़" कार्यक्रम ने दो पीढ़ियों को जोड़ते हुए पर्यावरण संरक्षण और बुजुर्गों के सम्मान का अनूठा संदेश दिया। यह आयोजन अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन, ओएस्का जापान और रेस्पेक्ट एज इंटरनेशनल के संयुक्त तत्वावधान में हुआ।

Jul 16, 2025 - 11:35
 0
मां के नाम एक पेड़: वृंदावन में पीढ़ियों को जोड़ता पर्यावरण प्रेम का अनूठा संकल्प
वृंदावन की हरे कृष्णा ऒर्चिड सोसाइटी में मां के नाम एक पेड़ कार्यक्रम में मौजूद बुजुर्ग पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि वटनावे तदाशी (ओएस्का इंटरनेशनल, भारत प्रमुख) ने कहा कि जापान भारत के साथ मिलकर पर्यावरण और संस्‍कृति के संरक्षण की दिशा में कार्य करने को प्रतिबद्ध है। उनकी संस्था प्रतिवर्ष भारत से दो बच्चों का चयन कर जापान में पर्यावरणीय प्रशिक्षण देती है।

रेस्पेक्ट एज इंटरनेशनल के सह-संस्थापक डा. गिरीश सी. गुप्ता ने इस कार्यक्रम को दो पीढ़ियों और प्रकृति के बीच भावनात्मक सेतु बताया। उन्होंने कहा कि 'मां के नाम एक पेड़' केवल वृक्षारोपण नहीं, बल्कि समाज को बुजुर्गों और पर्यावरण के प्रति प्रेम, संरक्षण और उत्तरदायित्व का पाठ पढ़ाने का प्रयास है।

ओएस्का इंटरनेशनल के उपाध्यक्ष आलोक सिन्हा ने पर्यावरण और बुजुर्गों को समाज की अनमोल धरोहर बताया। कार्यक्रम में हेरिटेज पब्लिक स्कूल के बच्चों ने भी सहभागिता करते हुए पेड़ रोपित किए।

धार्मिक परिप्रेक्ष्य में आचार्य योगेन्द्र वल्लभ गोस्वामी, आचार्य बद्रीष महाराज, पं. बिहारीलाल वशिष्ठ, और सौरभ गौड़ (अध्यक्ष, धर्म रक्षा संघ) ने पर्यावरण और बुजुर्गों की महत्ता को रेखांकित किया।

कार्यक्रम में बिहार के पूर्व एमएलसी रामकरण पाल और विजय गोयल सहित अन्य बुजुर्गों को समाज के प्रति योगदान हेतु सम्मानित किया गया अनिल शर्मा, प्रमोद सिंघल, सनी टिबड़ेवाल, देवेन्द्र शर्मा, श्रीमती रीना शर्मा, ओम प्रकाश सिंथोलिया, श्रीमती अनु सिंह, राधा शर्मा, राजा वर्मा, भारत भूषण मिश्रा, कर्नल ए.एम. नायडू, दीपक गोयल आदि की मौजूदगी उल्लेखनीय रही। 

SP_Singh AURGURU Editor