दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर बस फायरिंग के दो आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली

गाजियाबाद। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर चलती यात्री बस पर फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की घेराबंदी के दौरान आरोपियों ने फायरिंग कर भागने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में अनस के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी नदीम पुलिस की कांबिंग में पकड़ा गया।

Oct 3, 2026 - 07:23
 0
दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर बस फायरिंग के दो आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली
पुलिस के साथ मुठभेड में घायल हुआ बस पर फायरिंग का एक आरोपी।

मामला 28 सितंबर की रात का है। दिल्ली से बदायूं जा रही निजी बस मसूरी क्षेत्र में हाईटेक कॉलेज के सामने दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे से गुजर रही थी। इसी दौरान स्कूटी सवार दो युवकों ने बस को निशाना बनाकर गोलियां चला दीं। फायरिंग में बस का ऑपरेटर और कंडक्टर घायल हो गए। घटना के बाद बस मालिक मोहम्मद आरिफ की शिकायत पर मसूरी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।

पुलिस टीम शुक्रवार तड़के पीडब्ल्यूडी कार्यालय के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि बस पर फायरिंग करने वाले आरोपी उसी स्कूटी से हापुड़ की तरफ निकल रहे हैं। पुलिस ने भुड़गढ़ी बंबा के पास उन्हें रोकने का प्रयास किया। पुलिस के मुताबिक, रोकने पर आरोपियों ने स्कूटी दौड़ा दी और पीछा करने वाली टीम पर गोली चला दी।

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अनस के पैर में गोली लगी। उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। उसका साथी नदीम मौके से भाग निकला, लेकिन पुलिस ने आसपास के इलाके में तलाशी अभियान चलाकर उसे भी पकड़ लिया।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिल्ली निवासी अनस (26) और नदीम (23) के रूप में की है। उनके पास से एक पिस्टल, तमंचा, जिंदा और खोखे कारतूस तथा वारदात में इस्तेमाल सफेद रंग की बिना नंबर की स्कूटी बरामद की गई है।

पूछताछ में बस मालिक और आरोपियों के बीच पुरानी रंजिश तथा पैसे के विवाद की बात सामने आई है। पुलिस इस पहलू की जांच कर रही है कि कथित वसूली के विवाद के चलते ही बस पर फायरिंग की गई थी या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी। मामले में शामिल एक अन्य आरोपी की तलाश भी की जा रही है।

SP_Singh AURGURU Editor