आगरा के फतेहाबाद क्षेत्र में चंद घंटों के अंदर दो शव मिलने से सनसनी, तालाब किनारे युवक और सड़क पर ट्रक चालक मृत मिले, जांच में जुटी पुलिस

आगरा। फतेहाबाद थाना क्षेत्र में मंगलवार को अलग-अलग स्थानों पर चंद घंटों के भीतर दो लोगों के शव मिलने से सनसनी फैल गई। एक ओर देहात क्षेत्र के पक्का तालाब के पास एक युवक मृत अवस्था में मिला, तो दूसरी ओर पलिया क्षेत्र में सड़क किनारे खड़े ट्रक के नीचे चालक का शव बरामद हुआ। दोनों घटनाओं की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है तथा मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

Jun 9, 2026 - 18:26
 0
आगरा के फतेहाबाद क्षेत्र में चंद घंटों के अंदर दो शव मिलने से सनसनी, तालाब किनारे युवक और सड़क पर ट्रक चालक मृत मिले, जांच में जुटी पुलिस
फतेहाबाद क्षेत्र में तालाब के पास मिले शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजती पुलिस।

पक्का तालाब के पास युवक का शव मिलने से मचा हड़कंप

थाना फतेहाबाद क्षेत्र के फतेहाबाद देहात स्थित पक्का तालाब के पास मंगलवार सुबह एक युवक का शव मिलने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। सुबह जब स्थानीय लोग तालाब की ओर गए तो उन्होंने एक व्यक्ति को जमीन पर पड़े देखा। काफी देर तक कोई हरकत नहीं होने पर लोगों को अनहोनी की आशंका हुई और मौके पर भीड़ जुट गई।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद मृतक की पहचान नैना पुत्र भागीरथ (32 वर्ष) निवासी खंडेर के रूप में की। बताया गया है कि मृतक टेंपो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। स्थानीय लोगों के अनुसार मृतक को शराब पीने की लत थी। प्रारंभिक तौर पर मामला शराब के नशे से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।

सड़क किनारे खड़े ट्रक के नीचे मिला चालक का शव

ट्रक चालक शिवम का शव।

फतेहाबाद थाना क्षेत्र के पलिया गांव के पास सड़क किनारे खड़े एक ट्रक के नीचे चालक का शव मिलने से राहगीरों में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान राजस्थान के धौलपुर जनपद के मनिया (धौलपुर) निवासी ट्रक चालक शिवम पुत्र महेश चंद्र (28 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि ट्रक सड़क किनारे खड़ा था और चालक का शव उसके नीचे पड़ा मिला। घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। पुलिस किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आ सकेगी।

SP_Singh AURGURU Editor