आगरा में ट्रांसपोर्ट नगर की हर सड़क पर दो-दो फुट पानी, नगर निगम की नाकामी से कारोबार ठप

आगरा। बरसात के पानी ने ट्रांसपोर्ट नगर को स्थायी रूप से पूरी तरह डुबो दिया है। पिछले दो दिन से बारिश नहीं, लेकिन ट्रांसपोर्ट नगर की सड़कें और पार्किंग स्थलों पर 2-2 फीट तक पानी जमा है, जिससे दुकानदारों, मिस्त्रियों और ट्रांसपोर्ट कंपनियों के सामने बड़ा संकट खड़ा हो गया है। हालत यह है कि पूरे इलाके में आवाजाही मुश्किल हो गई है और कारोबार पूरी तरह ठप पड़ गया है। ट्रांसपोर्ट नगर की यह हालात नगर निगम की नाकामी को बयां कर रही है।

Aug 11, 2025 - 13:44
 0
आगरा में ट्रांसपोर्ट नगर की हर सड़क पर दो-दो फुट पानी, नगर निगम की नाकामी से कारोबार ठप
ट्रांसपोर्ट नगर की एक सड़क पर हुए जलभराव का एक दृश्य।

ट्रांसपोर्ट चेंबर वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष वीरेन्द्र गुप्ता, सुखदेव कालरा, केवल किशन कोहली, बलविंदर सिंह सग्गू, होशियार सिंह, राजू खटीक, नगर सुरेश कर्दम, सचिन कोहली और काके सरदारजी सहित अन्य दुकानदारों व मिस्त्रियों ने नगर निगम प्रशासन पर जमकर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि विगत कई वर्षों से बारिश के मौसम में जल निकासी की कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई, जिससे यहां हर बार हालात भयावह हो जाते हैं।

संयुक्त बयान में कहा गया कि पूर्व में नगर निगम अधिकारियों ने ट्रांसपोर्ट नगर का दौरा कर समस्याओं की जानकारी ली थी, मगर उसके बाद कोई कार्रवाई नहीं की गई। ड्रेनेज और सीवर चोक होने से बरसात का पानी निकल ही नहीं पा रहा है। दुकानदारों ने मांग की कि नगर निगम अपनी मशीनरी लगाकर तुरंत जल निकासी कराए, ताकि कारोबार फिर शुरू हो सके।

व्यापारियों ने यह भी चेतावनी दी कि अगर तुरंत ड्रेनेज सिस्टम दुरुस्त नहीं किया गया और सड़कों की मरम्मत नहीं कराई गई तो वे मजबूरन आंदोलन करेंगे। नगर निगम प्रशासन की यह लापरवाही सीधे-सीधे इलाके के कारोबार को नुकसान पहुंचा रही है।

SP_Singh AURGURU Editor