दो राज्यपाल और सपा प्रमुख अखिलेश यादव कल बरेली में रहेंगे, सुरक्षा के लिहाज से तंत्र सजग

-आरके सिंह- बरेली। दिल्ली में हुए ब्लास्ट के बाद पूरे प्रदेश में सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं। ऐसे में गुरुवार को बरेली शहर में एक साथ दो राज्यपालों और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की मौजूदगी ने पुलिस-प्रशासन को सजग कर दिया है। शहर को हाई अलर्ट पर रखा गया है और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

Nov 12, 2025 - 22:12
 0
दो राज्यपाल और सपा प्रमुख अखिलेश यादव कल बरेली में रहेंगे, सुरक्षा के लिहाज से तंत्र सजग

रुहेलखंड विश्वविद्यालय में गुरुवार को 23वां दीक्षांत समारोह आयोजित होगा, जिसमें उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। उनके साथ झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार भी मंच साझा करेंगे। संतोष गंगवार को इस अवसर पर विश्वविद्यालय की ओर से ‘लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड’ प्रदान किया जाएगा। यह पहली बार है जब विश्वविद्यालय ने इस सम्मान की शुरुआत की है।

मीडिया प्रभारी अमित सिंह ने बताया कि समारोह अटल सभागार में सुबह 11 बजे से शुरू होगा। इसमें 94 टॉपर्स को स्वर्ण पदक और 111 विद्यार्थियों को उपाधियां दी जाएंगी। कार्यक्रम में आईआईटी रोपड़ के निदेशक प्रोफेसर राजीव अहूजा, उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय, राज्य मंत्री रजनी तिवारी समेत कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे।

शहर में वीवीआईपी सुरक्षा के लिए प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए हैं। एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि दो राज्यपालों और पूर्व सीएम के आगमन को देखते हुए पुलिस ने सभी संवेदनशील इलाकों में फोर्स तैनात की है। होटलों, सार्वजनिक स्थलों और संदिग्ध वाहनों की लगातार चेकिंग हो रही है। राज्यपाल की सुरक्षा टीम पहले ही विश्वविद्यालय पहुंच चुकी है। ठहरने की व्यवस्था के लिए जिला प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए हैं और एक लाइजनिंग अधिकारी भी नियुक्त किया गया है।

इसी दिन समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव भी बरेली में रहेंगे। वह शहर के विभिन्न इलाकों में जाकर पार्टी नेताओं व आम नागरिकों से मुलाकात करेंगे। उनके कार्यक्रमों में विधायक अताउर्रहमान, पूर्व विधायक सुल्तान वेग के पारिवारिक विवाह समारोह में शामिल होना, विधायक शहजिल इस्लाम, पूर्व सांसद वीरपाल यादव और सपा के वरिष्ठ नेता अगम मौर्या के आवास पर जाना शामिल है।

अखिलेश यादव की जेड प्लस सुरक्षा के चलते पुलिस-प्रशासन के लिए यह दिन बेहद चुनौतीपूर्ण रहेगा। खासकर तब, जब वह किला क्षेत्र के गढ़ईया मोहल्ले में विख्यात शायर प्रो. वसीम बरेलवी के घर तक दो मीटर लंबी तंग गली से पैदल होकर जाएंगे। ऐसे में उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस को अतिरिक्त फोर्स तैनात करनी होगी।

SP_Singh AURGURU Editor