ताजनगरी में देश-विदेश के ढाई हजार धावकों की दौड़ः फिटनेस का संदेश दिया ताज हाफ मैराथन ने

आगरा। आगरा स्पोर्ट्स फाउंडेशन, एसोसिएशन ऑफ इंटरनेशनल मैराथन एंड डिस्टेंस रेसेस तथा आगरा नगर निगम के संयुक्त तत्वावधान में रविवार सुबह सदर स्थित एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम से आगरा ताज हाफ मैराथन के तृतीय संस्करण का आयोजन किया गया। 21 किलोमीटर, 10 किलोमीटर और 5 किलोमीटर की दौड़ में अमेरिका, ब्रिटेन, इटली सहित भारत के विभिन्न राज्यों से आए ढाई हजार से अधिक धावकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और फिटनेस का संदेश दिया।

Feb 8, 2026 - 20:17
 0
ताजनगरी में देश-विदेश के ढाई हजार धावकों की दौड़ः फिटनेस का संदेश दिया ताज हाफ मैराथन ने
आगरा स्पोर्ट्स फाउंडेशन द्वारा आयोजित आगरा ताज हाफ मैराथन में दौड़ते धावक।

ढोल-नगाड़ों की गूंज, म्यूजिक बीट्स की धुनों और वंदे मातरम व भारत माता की जय के जयघोषों के बीच डीआईजी शैलेश पांडेय एवं एडिशनल कमिश्नर रामबदन सिंह ने झंडी दिखाकर मैराथन का शुभारंभ किया। इस दौरान करीब 300 चिकित्सकों ने भी दौड़ में भाग लेकर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।

उत्सव में बदला मैराथन रूट

एकलव्य स्टेडियम से शुरू होकर क्लब चौराहा, तारघर चौराहा, करिअप्पा चौराहा, अमर सिंह गेट, हाथी घाट तिराहा से यू-टर्न लेते हुए विक्टोरिया पार्क, पुरानी मंडी, फूल सैयद चौराहा, ताज व्यू तिराहा, बसई मंडी, टीडीआई मॉल, तोरा चौकी और कलाल खेरिया होते हुए पुनः एकलव्य स्टेडियम तक पूरा मार्ग उत्सव का रूप लिए रहा।
मेट्रो निर्माण के कारण खुदे हुए मार्ग को प्रशासन ने दिन-रात मेहनत कर धावकों के लिए दुरुस्त कराया, जिसकी सभी प्रतिभागियों ने सराहना की।

बेहतर चिकित्सा व सुरक्षा इंतजाम

आपातकालीन स्थितियों के लिए एंबुलेंस, हाइड्रेशन पॉइंट्स और ट्रैफिक मैनेजमेंट की पुख्ता व्यवस्था रही। रूट पर डॉ. आवेग मित्तल, एन.एस. लोधी, गोपाल शर्मा, प्रदीप यादव, अजय दीप सिंह, कमलकांत, तुषार और गोपाल अग्रवाल व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे थे।
स्टेडियम में धावकों के लिए फिजियोथैरेपी और स्वल्पाहार की उत्कृष्ट व्यवस्था की गई, जिसे महेश सारस्वत और गौरव यादव ने संभाला। डॉ. अशोक कुशवाह और अनिल कुशवाह ने फिजियोथैरेपी सेवाएं प्रदान कीं।

डीआईजी शैलेश पांडेय ने कहा कि हेल्थ इज वेल्थ, फिट रहने के लिए नियमित दौड़ जरूरी है। स्वयं धावक रहे एडिशनल कमिश्नर रामबदन सिंह ने कहा, दौड़ेंगे तो फिट रहेंगे, और जो फिट रहेगा वही हिट रहेगा।

आगरा स्पोर्ट्स फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. विकास मित्तल ने बताया कि तृतीय संस्करण अपेक्षा से कहीं अधिक सफल रहा है और अगला संस्करण और भी भव्य होगा। ऑर्गेनाइजिंग कमेटी के अध्यक्ष संदीप ढल ने कहा कि यह मैराथन आगरा और देश को फिटनेस का सशक्त संदेश दे रही है। आयोजन सचिव डॉ. संजय गुप्ता ने प्रशासनिक सहयोग की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि यह आयोजन भविष्य में नॉर्थ इंडिया की सबसे बड़ी मैराथन बनेगा।

विजेताओं का सम्मान

21, 10 और 5 किलोमीटर दौड़ के पुरुष व महिला वर्ग में कुल 90 विजेताओं को रंगारंग माहौल में नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में डॉ. दिनेश राठौर, संकल्प वशिष्ठ, भरत सारस्वत, जय यादव, सर्वेश, ईशू, दीपक, गौरव गोयल, के.के. सोलंकी, उमेश यादव और रोटेरियन आरती मेहरोत्रा सहित अनेक गणमान्य मौजूद रहे।
संस्कृति फाउंडेशन, शांति मांगलिक हॉस्पिटल, मानसिक स्वास्थ्य संस्थान तथा स्वयंसेवकों के सहयोग से आयोजन ऐतिहासिक रूप से सफल रहा।

Top of Form

Bottom of Form

SP_Singh AURGURU Editor