बरेली में दो सड़क हादसे लील गए तीन जिंदगियां, कांवड़िए की मौत से गांव में पसरा मातम
-आरके सिंह- बरेली। जिले में दो अलग-अलग भीषण सड़क हादसों ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। एक हादसे में दो युवकों की आमने-सामने बाइक टकराने से मौत हो गई, जबकि तीसरे हादसे में कांवड़ यात्रा से लौट रहे एक श्रद्धालु की जान चली गई। हादसों की जानकारी मिलते ही मृतकों के घरों में कोहराम मच गया।
हाफिजगंज में दो बाइक भिड़ीं, दो की मौत, एक घायल
पहला हादसा हाफिजगंज थाना क्षेत्र के सेंथल-हाफिजगंज रोड पर कर्बला के पास हुआ, जहां दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइकों पर सवार युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजा, लेकिन डॉक्टरों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान लाड़पुर उस्मानपुर निवासी 24 वर्षीय जीशान और सेंथल के रहने वाले 22 वर्षीय आजिम के रूप में हुई है। वहीं आजिम का साथी 25 वर्षीय फैजान गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में भर्ती है।
बताया गया कि सभी युवक अपने-अपने घर लौट रहे थे और किसी ने हेलमेट नहीं पहना था। टक्कर की आवाज से आसपास के लोग दहशत में आ गए। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।
कांवड़ यात्रा से लौट रहे श्रद्धालु की बाइक से टक्कर में मौत
दूसरा हादसा आंवला-रामनगर रोड पर हुआ। यहां चंपतपुर गांव के निवासी 42 वर्षीय धर्मेश कुमार सड़क पार करते समय तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आ गए। धर्मेश अपने जत्थे के साथ कांवड़ यात्रा से गंगाजल लेकर लौट रहे थे और गांव के बाहर लगे एक भंडारे पर कुछ देर रुके थे।
इसी दौरान एक बाइक सवार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें तुरंत बरेली अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
धर्मेश खेती कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके पांच बच्चे हैं। हादसे की सूचना पर गांव में मातम छा गया। पत्नी और बच्चे बेसुध हो गए। परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। दोनों हादसों को लेकर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Bottom of Form