बरेली में रंगदारी न देने पर दो दुकानों में आगजनी, पांच पर केस, दो आरोपी राजनीतिक परिवार से

-आरके सिंह- बरेली। जिले के देवरनियां कोतवाली क्षेत्र में नैनीताल हाईवे स्थित कटरा गांव में गंभीर आपराधिक घटना सामने आई है। राजनैतिक परिवार से ताल्लुक रखने वाले शशांक और मयंक वर्मा ने अपने साथियों के साथ दो दुकानों विशाल मेडिकल स्टोर और खाटू श्याम कन्फेक्शनरी पर रंगदारी की मांग पूरी न होने पर हमला बोल दिया। दोनों दुकानों में आगजनी की गई। इस वारदात में पीड़ित दुकानदारों प्रीतम सिंह और राजीव कुमार को चोटें आई हैं।

Aug 21, 2025 - 22:29
 0
बरेली में रंगदारी न देने पर दो दुकानों में आगजनी, पांच पर केस, दो आरोपी राजनीतिक परिवार से
बरेली के कटरा गांव में रंगदारी को लेकर की गई आगजनी, जिसमें दुकानें धू-धू कर जलती दिख रही हैं।

पीड़ितों ने अलग-अलग एफआईआर देवरनियां कोतवाली में दर्ज कराई हैं। कोतवाली प्रभारी नवदीप सिंह ने बताया कि एफआईआर में आरोपियों मयंक वर्मा, शशांक वर्मा, चेतक, मयंक पुत्र गिरवर दयाल, अर्पित के खिलाफ धारा 115 (2)352, 326 (बी)109, 308 (3), 351 (3) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

राजीव कुमार ने बताया कि खाटू श्याम कन्फेक्शनरी में मयंक व शशांक वर्मा ने पहले सामान खरीदा और पुराने उधार के पैसे मांगने पर गाली गलौज की। जब उनके भाई मुकेश ने विरोध किया तो आरोपियों ने उसे डंडे और चाकू से मारपीट की। वहीं विशाल मेडिकल स्टोर में मयंक और शशांक वर्मा ने पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगने पर पीड़ित को कमर, सिर और पैरों में हमला किया, और जान से मारने की धमकी देते हुए फायरिंग की। आगजनी भी की गई।

देवरनियां कोतवाली के प्रभारी नवदीप सिंह ने कहा कि आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई जारी है और उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। घटना ने इलाके में भय का माहौल पैदा कर दिया है और पुलिस ने ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की है।

SP_Singh AURGURU Editor