उमेश शर्मा फिर से टीटीजेड अथॉरिटी के सदस्य, विजय गुप्ता को भी सदस्य के रूप में मिली एंट्री

आगरा। केंद्र सरकार ने लघु उद्योग भारती के जिलाध्यक्ष विजय गुप्ता और इंजीनियर उमेश शर्मा को टीटीजेड अथॉरिटी का सदस्य नामित किया है।

Jan 20, 2026 - 18:59
 0
उमेश शर्मा फिर से टीटीजेड अथॉरिटी के सदस्य, विजय गुप्ता को भी सदस्य के रूप में मिली एंट्री
विजय गुप्ता और उमेश शर्मा।

टीटीजेड अथॉरिटी में सदस्य बनने पर विजय गुप्ता ने इसे सम्मान से अधिक बड़ी जिम्मेदारी करार दिया। उन्होंने कहा कि यह दायित्व केवल एक पद तक सीमित नहीं है, बल्कि ताजमहल जैसी विश्व धरोहर की सुरक्षा, आगरा की अर्थव्यवस्था और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से जुड़ा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पर्यावरण संरक्षण और औद्योगिक विकास को आमने-सामने खड़ा करना गलत सोच है, क्योंकि दोनों एक-दूसरे के पूरक हैं।

विजय गुप्ता ने कहा कि उनकी प्राथमिकता टीटीजेड क्षेत्र में ऐसे व्यावहारिक और संतुलित समाधान तैयार करने की होगी, जिससे एक ओर ताजमहल और पर्यावरण सुरक्षित रहे और दूसरी ओर स्थानीय उद्योग, व्यापारी, कारीगर और श्रमिक अनावश्यक रूप से परेशान न हों। पर्यावरणीय मानकों का पालन करने वाले उद्योगों को स्पष्ट दिशा, तकनीकी सहयोग और संक्रमण काल में आवश्यक समर्थन मिलना चाहिए, ताकि वे स्वच्छ और टिकाऊ तकनीकों को आसानी से अपना सकें। उनका लक्ष्य आगरा को स्वच्छ, हरित और भविष्य के अनुरूप विकसित करना है।

वहीं इंजीनियर उमेश शर्मा को दोबारा टीटीजेड अथॉरिटी का सदस्य बनाए जाने से उद्योग जगत में उम्मीद जगी है। वे पहले भी टीटीजेड के सदस्य रह चुके हैं।

उमेश शर्मा ने कहा कि टीटीजेड क्षेत्र में कार्यरत विशेषकर लघु एवं मध्यम उद्योगों को स्पष्ट नियम, व्यवहारिक समाधान और तकनीकी मार्गदर्शन मिलना चाहिए, ताकि वे पर्यावरणीय मानकों का पालन करते हुए अपने व्यवसाय को सुरक्षित रूप से आगे बढ़ा सकें।

SP_Singh AURGURU Editor