कह नहीं पाया अपनों से, कैमरे से बोला और युवक ने मौत को गले लगा लिया

पिनाहट थाना क्षेत्र के गांव धवल सिंह का पुरा में 24 वर्षीय युवक विष्णु ने आत्महत्या से पहले सोशल मीडिया पर वीडियो बनाकर प्रसारित किया। गृह क्लेश और पारिवारिक तनाव से आहत युवक ने यह कदम उठाया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।

Jan 31, 2026 - 14:46
 0
कह नहीं पाया अपनों से, कैमरे से बोला और युवक ने मौत को गले लगा लिया
विष्णु का फाइल फोटो

पिनाहट में युवक ने आत्महत्या से पहले सोशल मीडिया पर किया एलान, गांव में पसरा मातम

आगरा। पिनाहट क्षेत्र के गांव धवल सिंह का पुरा में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। 24 वर्षीय युवक ने आत्महत्या से पहले एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित किया और इसके कुछ ही समय बाद अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में हड़कंप मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

गृह क्लेश और पारिवारिक तनाव बना वजह

मृतक की पहचान विष्णु (24 वर्ष) पुत्र विनोद सिंह, निवासी धवल सिंह का पुरा, थाना पिनाहट के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार विष्णु घरेलू तनाव और ससुराल पक्ष से जुड़े विवादों को लेकर लंबे समय से मानसिक रूप से परेशान था। इन्हीं परिस्थितियों से आहत होकर उसने यह कदम उठाया।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ आख़िरी वीडियो

बताया गया है कि आत्महत्या से पहले विष्णु ने अपने कमरे में मोबाइल से एक वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें उसने अपनी पीड़ा व्यक्त की और यह कहा कि वह अब और नहीं जी पाएगा। वीडियो में उसने कुछ आरोप भी लगाए और अपने इरादे का जिक्र किया। यह वीडियो उसके सोशल मीडिया अकाउंट से वायरल हो गया। बाद में परिजनों ने जब वीडियो देखा तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। मां और पिता का कहना है कि यदि समय रहते उन्हें वीडियो की जानकारी मिल जाती, तो शायद बेटे की जान बचाई जा सकती थी।

पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव उतारा

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। कमरे का दरवाजा तोड़कर युवक को नीचे उतारा गया। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुक्रवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा, जहां अंतिम संस्कार किया गया। उस समय परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो को भी साक्ष्य के रूप में संज्ञान में लिया गया है।