आगरा में हाईवे पर बेकाबू कंटेनर ने सफाई कर रहे मजदूरों को चपेट में लिया, पांच घायल

आगरा। सिकंदरा थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे-19 पर मंगलवार को एक सड़क हादसा हो गया। सब्जी मंडी के सामने फ्लाईओवर पर हाईवे के किनारे राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के मजदूरों द्वारा सफाई का कार्य किया जा रहा था। इसी दौरान एक तेज रफ्तार कंटेनर अनियंत्रित होकर बेरिकेडिंग तोड़ता हुआ सफाई में लगे मजदूरों को रौंदता चला गया और फिर डिवाइडर से टकराकर रुक गया।

Jul 2, 2025 - 20:04
 0
आगरा में हाईवे पर बेकाबू कंटेनर ने सफाई कर रहे मजदूरों को चपेट में लिया, पांच घायल
हाईवे पर सिकंदरा सब्जी मंडी के सामने के फ्लाईओवर पर बुधवार को कंटेनर के बेकाबू होने से हुए हादसे की तस्वीरें।  

-सिकंदरा सब्जी मंडी के सामने फ्लाईओवर के ऊपर हादसा, कंटेनर की रफ्तार बनी दुर्घटना का कारण

चार मजदूर और कंटेनर ड्राइवर घायल

हादसे में महेंद्र, उत्कल, मिसरी और शबनर नामक चार मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। इन सभी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में कंटेनर का चालक भी घायल हुआ है, जिसे प्राथमिक के लिए भेजा गया है। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। राहगीरों और अन्य मजदूरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह

सिकंदरा पुलिस के अनुसार कंटेनर तेज रफ्तार में था और चालक ने नियंत्रण खो दिया। जिस स्थान पर मजदूर कार्यरत थे, वहां पहले से ही बेरिकेडिंग लगी हुई थी, बावजूद इसके कंटेनर सीधे उस क्षेत्र में घुस गया। कंटेनर ने पहले एनएचएआई की गाड़ी को टक्कर मारी और फिर वहीं सफाई काम करते मजदूरों को चपेट में लेते हुए डिवाइडर पर जा चढ़ा।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया और हाईवे पर जाम हटवाकर यातायात बहाल किया। फिलहाल पुलिस ने कंटेनर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। घायलों के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्यवाही की जाएगी।

SP_Singh AURGURU Editor