अंडर-19 प्राइजमनी गोल्ड कप हॉकी टूर्नामेंटः फाइनल में भिड़ेंगे नवल टाटा अकादमी और साई लखनऊ, सेमीफाइनल में दिखा दमदार खेल

आगरा। ऑल इंडिया साहिबजादा बाबा जोरावर सिंह–बाबा फतेह सिंह स्मृति अंडर-19 प्राइजमनी गोल्ड कप हॉकी टूर्नामेंट में बुधवार को खेले गए सेमीफाइनल मुकाबलों के बाद फाइनल की तस्वीर साफ हो गई। नवल टाटा अकादमी, जमशेदपुर और साई लखनऊ ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर खिताबी मुकाबले में जगह बना ली है, जबकि तीसरे स्थान के लिए सुखजीवन स्पोर्ट्स अकादमी और मेघवरन हॉकी अकादमी, गाजीपुर के बीच मुकाबला खेला जाएगा।

Dec 24, 2025 - 19:38
 0
अंडर-19 प्राइजमनी गोल्ड कप हॉकी टूर्नामेंटः फाइनल में भिड़ेंगे नवल टाटा अकादमी और साई लखनऊ, सेमीफाइनल में दिखा दमदार खेल
ऑल इंडिया साहिबजादा बाबा जोरावर सिंह–बाबा फतेह सिंह स्मृति अंडर-19 प्राइजमनी गोल्ड कप हॉकी टूर्नामेंट में बुधवार को खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले की एक झलक।

सुखजीवन स्पोर्ट्स अकादमी व आगरा हॉकी मास्टर्स के संयुक्त तत्वावधान में एकलव्य स्टेडियम में चल रहे टूर्नामेंट के चौथे दिन दोनों सेमीफाइनल मैच रोमांच और कौशल से भरपूर रहे।

पहला सेमीफाइनल: पेनल्टी शूटआउट में नवल टाटा अकादमी की जीत

पहले सेमीफाइनल में नवल टाटा अकादमी, जमशेदपुर और सुखजीवन स्पोर्ट्स अकादमी आमने-सामने रहीं। मैच की शुरुआत में सुखजीवन अकादमी के साहिल ने शानदार गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। दूसरे हाफ में नवल टाटा अकादमी के मोहित नायक ने बराबरी का गोल दागते हुए स्कोर 1-1 कर दिया। निर्धारित समय तक कोई टीम बढ़त नहीं बना सकी।

मैच का फैसला पेनल्टी शूटआउट में हुआ, जहां नवल टाटा अकादमी ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 4-1 से जीत दर्ज कर फाइनल का टिकट कटाया। सुखजीवन अकादमी के गोलकीपर कुनाल तेवतिया को शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।
मैच का शुभारंभ इनरव्हील क्लब ऑफ इंडिया की सचिव नीलू धाकरे ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।

दूसरा सेमीफाइनल: साई लखनऊ की एकतरफा जीत

दूसरे सेमीफाइनल में साई लखनऊ ने मेघवरन हॉकी अकादमी, गाजीपुर को 6-1 से करारी शिकस्त दी। शुरुआत से ही साई लखनऊ ने मैच पर नियंत्रण बनाए रखा और दोनों हाफ में लगातार गोल दागे।
विजेता टीम की ओर से आकाश पाल और रितेश पांडे ने 2-2 गोल, जबकि तुषार शर्मा और शिवम पटेल ने 1-1 गोल किया। मेघवरन हॉकी की ओर से रंजीत चौहान ने एकमात्र गोल किया।
इस मुकाबले में मेघवरन हॉकी गाजीपुर के सौरव यादव को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

मैचों के दौरान आयोजन सचिव राजीव सोई, अमिताभ गौतम, केपी सिंह यादव, अजय कुमार सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। निर्णायक की भूमिका में अमित गुप्ता, ब्रजेश कुशवाह, जावेद खान, धर्मेश, प्रशांत शुक्ल और मधु रहे।

सुखजीवन स्पोर्ट्स अकादमी के दो खिलाड़ियों राहुल तेवतिया और मन मलिक का जूनियर इंडिया हॉकी टीम के लिए चयन होने पर अकादमी की ओर से उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं।

SP_Singh AURGURU Editor