अनोखा कार्निवाल: टैलेंट, खेल और जादू में खिलखिलाए चेहरे, कमजोर वर्ग के बच्चों संग मनाया क्रिसमस
आगरा। क्रिसमस को दिखावे और फिजूलखर्ची से अलग, सेवा, संवेदना और मुस्कान का पर्व बनाने का संदेश देते हुए आगरा में एक अनोखा आयोजन देखने को मिला। रोशनी चैरीटेबल ट्रस्ट ने क्रिसमस से पूर्व समाज के कमजोर वर्ग के बच्चों के लिए ऐसा कार्निवाल सजाया, जहां खेल, टैलेंट शो और जादू की दुनिया में खोए बच्चों के चेहरों पर केवल खुशियां ही खुशियां नजर आईं।
आगरा कैंट स्थित सेंट क्लेयर्स स्कूल में आयोजित ‘कार्निवाल ऑफ लव एंड हार्मनी’ कार्यक्रम में रोशनी चैरीटेबल ट्रस्ट ने क्रिसमस को समाज के कमजोर वर्ग के बच्चों के साथ मनाकर एक मिसाल पेश की।
कार्यक्रम में शाम को पढ़ने वाले सेंट पैट्रिक पेरिस सामाजिक संस्थान से जुड़े लगभग सौ बच्चों के लिए निःशुल्क गेम स्टॉल, कठपुतली खेल, टैलेंट शो और जादूगर शो का आयोजन किया गया। स्कूल परिसर के पार्क में बच्चों ने तरह-तरह के खेल खेले और उन्हें चिप्स, मैगी व बिस्किट वितरित किए गए।
कार्निवाल का माहौल ऐसा था मानो बच्चों के लिए एक यादगार पिकनिक सजा दी गई हो।
ट्रस्ट ट्रस्ट की अध्यक्ष श्रीमती मनोज बल और मैनेजिंग ट्रस्टी डॉ. सरोज प्रशांत ने बताया कि ट्रस्ट का मुख्य उद्देश्य बच्चों को मंच और अवसर देना है, ताकि वे बिना झिझक अपनी प्रतिभा दिखा सकें।
कार्यक्रम में किसी बच्चे ने कविता सुनाई तो किसी ने चींटी और हाथी का मज़ेदार चुटकुला सुनाकर सभी को खूब हंसाया। बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ क्रिसमस को एन्जॉय किया।
इस अवसर पर पादरी वर्घी कुन्नथ, विद्यालय के प्रधानाचार्य सनी कोट्टूर सहित असीम बेक, नेल्ली दंतास, अनीता बारा, एलिज़ाबेथ जोसफ, प्रीती, जिलियन, हेमलता आदि मौजूद रहे। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।