यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा शुरू, आगरा के 28 केंद्रों पर कड़ी निगरानी में संपन्न हुई पहली पारी, मंडलायुक्त नागेंद्र प्रताप और जिलाधिकारी मनीष बंसल ने किया परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण, दूसरी पारी की परीक्षा दोपहर 3 बजे से होगी
आगरा। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की भर्ती परीक्षा सोमवार से शुरू हो गई है। आगरा में 28 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और अत्याधुनिक निगरानी तंत्र के बीच पहली पारी की परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो चुकी है, जबकि दूसरी पारी की परीक्षा दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा में शामिल होने के लिए हजारों अभ्यर्थी विभिन्न जिलों से आगरा पहुंचे हैं। सुरक्षा, पारदर्शिता और यातायात व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।
पुलिस भर्ती परीक्षा तीन दिनों तक चलेगी। प्रत्येक दिन दो पारियों में परीक्षा आयोजित की जा रही है। प्रत्येक पारी में लगभग 12 हजार अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। आगरा में फिरोजाबाद, मैनपुरी, अलीगढ़, हाथरस, कासगंज, एटा और मथुरा सहित विभिन्न जनपदों के अभ्यर्थियों के परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
ई-स्कैनिंग और बायोमेट्रिक के बाद ही मिल रहा प्रवेश
परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों को ई-स्कैनिंग और बायोमेट्रिक सत्यापन के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा है। पहली बार परीक्षा ड्यूटी में लगे कर्मचारियों का भी बायोमेट्रिक सत्यापन किया जा रहा है। अभ्यर्थियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे केवल प्रवेश पत्र, वैध पहचान पत्र, पेन और पेंसिल लेकर ही परीक्षा केंद्र पर पहुंचें।
तीन स्तरीय सुरक्षा घेरे में परीक्षा केंद्र
शहर में 28 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। प्रत्येक केंद्र पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है। मुख्य प्रवेश द्वार से लेकर परीक्षा कक्ष तक हर गतिविधि कैमरों में रिकॉर्ड हो रही है। परीक्षा केंद्रों पर तीन स्तरीय सुरक्षा घेरा बनाया गया है। प्रवेश द्वार पर पहचान पत्र और प्रवेश पत्र की जांच के बाद बायोमेट्रिक सत्यापन किया जा रहा है।
परीक्षा की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए लखनऊ स्थित कंट्रोल रूम से भी सभी परीक्षा केंद्रों पर नजर रखी जा रही है। प्रत्येक परीक्षा केंद्र का लाइव मॉनिटरिंग सिस्टम सक्रिय है, जिससे किसी भी प्रकार की अनियमितता पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
मंडलायुक्त और जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण
आगरा के मंडलायुक्त नागेंद्र प्रताप और जिलाधिकारी मनीष बंसल ने सोमवार को संयुक्त रूप से शहर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, बायोमेट्रिक सत्यापन, सीसीटीवी निगरानी और परीक्षा संचालन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
जाम से बचाने को ट्रैफिक पुलिस की विशेष तैयारी
परीक्षा के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस द्वारा व्यापक इंतजाम किए गए हैं। परीक्षा शुरू होने और समाप्त होने के समय सड़कों पर बढ़ने वाली भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आगरा कॉलेज, हरीपर्वत, राजामंडी, वाटर वर्क्स, भगवान टॉकीज, आईएसबीटी, सिकंदरा तिराहा, सुल्तानगंज पुलिया सहित अन्य प्रमुख चौराहों और मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
अतिरिक्त बसें और रेलवे स्टेशनों पर हेल्प डेस्क
परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए आगरा मार्ग पर सवा दौ सौ अतिरिक्त बसों का संचालन किया जा रहा है। वहीं रेलवे स्टेशनों पर भी हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं, जहां अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने और अन्य आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है।
सोमवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित पहली पारी की परीक्षा सकुशल संपन्न हो चुकी है। अब दूसरी पारी की परीक्षा दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होगी। प्रशासन और पुलिस विभाग परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पूरी तरह मुस्तैद हैं।