आगरा में उपाध्यायश्री विहसंतसागर महाराज का 15वां दीक्षा स्मृति समारोह भक्ति भाव से मना
आगरा। श्री महावीर दिगम्बर जैन मंदिर में रविवार को मेडिटेशन गुरु उपाध्यायश्री विहसंतसागर जी महाराज का 15वां दीक्षा स्मृति समारोह श्रद्धा, भक्ति एवं धार्मिक उल्लास के साथ अत्यंत गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। समारोह में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता से संपूर्ण मंदिर परिसर आध्यात्मिक ऊर्जा और गुरु भक्ति के भाव से सराबोर हो गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जैन पाठशाला के बच्चों द्वारा प्रस्तुत भावपूर्ण मंगलाचरण से हुआ, जिसने उपस्थित श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक वातावरण में भावविभोर कर दिया। इसके पश्चात कमला नगर महिला मंडल द्वारा सामूहिक मंगलाचरण प्रस्तुत किया गया, जिसे श्रद्धालुओं ने करतल ध्वनि के साथ सराहा।
पूजन, धर्मसभा और गुरु चरणों में श्रद्धा अर्पण
दीक्षा दिवस के पावन अवसर पर विशेष धर्मसभा एवं पूजन कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें समाज के श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। समस्त आगरा जैन समाज की ओर से उपाध्यायश्री के चरणों में श्रद्धापूर्वक पाद प्रक्षालन किया गया एवं शास्त्र भेंट कर गुरु भक्ति व्यक्त की गई। इस अवसर पर प्रतीकात्मक रूप से 15 शास्त्र अर्पित किए गए।
बाहर से पधारे श्रद्धालुओं द्वारा अष्टद्रव्य से सुसज्जित थालियों के साथ संगीतमय पूजन किया गया, जिससे मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा। पूजन एवं भक्ति गीतों के माध्यम से पूरे कार्यक्रम में आध्यात्मिक उल्लास बना रहा।
अतिथियों का सम्मान, गुरु वाणी का संदेश
कमला नगर मंदिर समिति द्वारा बाहर से आए अतिथियों का दुपट्टा एवं माला पहनाकर स्वागत एवं सम्मान किया गया।
इस अवसर पर उपाध्यायश्री विहसंतसागर महाराज ने अपने दीक्षा जीवन के अनुभवों को साझा करते हुए संयम, साधना, आत्मशुद्धि और आत्मकल्याण के मार्ग पर चलने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि गुरु भक्ति ही आत्मोन्नति का श्रेष्ठ साधन है।
पूरे कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर भक्ति एवं श्रद्धा के जयघोषों से गुंजायमान रहा। संगीत सेवा शशि पाटनी द्वारा दी गई, जिसने कार्यक्रम को और भी भावपूर्ण बना दिया। कार्यक्रम का संचालन मनोज जैन बाकलीवाल ने किया।
समारोह में जगदीश प्रसाद जैन, यशपाल जैन, दिलीप जैन, विजय गोयल, पारस जैन (प्रॉपर्टी), सुमेर पांडया, पारस बाबू जैन, अनिल रईस, नरेश जैन, अनिल जैन, राकेश बजाज, रोहित जैन (अहिंसा), जीवन जैन (अहिंसा), समकित जैन, मधु जैन कांसल, वंदना जैन, रश्मि गोयल, अंकिता जैन सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। इसके साथ ही अवधपुरी, जयपुर हाउस, बगदा कटरा वजीर खां, दयालबाग एवं ग्रेटर कमला नगर सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए श्रद्धालुओं ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।