एक्ट्रेस त्रिषा पर कमेंट को लेकर भारी बवाल, हिरासत में लिए गए उदयनिधि स्टालिन, गिरफ्तारी की मांग
तमिलनाडु में एक सभा में मौजूद कुछ लोगों ने "त्रिशा... त्रिशा..." के नारे लगाए। इसके बाद उदयनिधि ने त्रिशा पर विवादित टिप्पणी की। अब पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया है।
चेन्नई। तमिलनाडु के सीएम विजय की करीबी मित्र एक्ट्रेस त्रिषा पर विवादित टिप्पणी को लेकर डीएमके नेता उदयनिधि स्टालिन विवादों में घिर गए हैं। पुलिस ने तमिलनाडु में नेता विपक्ष उदयनिधि स्टालिन को हिरासत में ले लिया है।
अपमानजनक टिप्पणी करने के आरोप में केस दर्ज होने के बाद उदयनिधि को पुलिस ने चेन्नई स्थित उनके घर से हिरासत में ले लिया। दरअसल, कावेरी जल विवाद को लेकर तंजावुर में आयोजित एक विरोध सभा को संबोधित करते हुए उदयनिधि स्टालिन ने मुख्यमंत्री विजय पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि तमिलनाडु को कावेरी का एक बूंद पानी भी नहीं मिला, जबकि मुख्यमंत्री इस पूरे मुद्दे पर बेपरवाह बने रहे।
इसी दौरान सभा में मौजूद कुछ लोगों ने "त्रिशा... त्रिशा..." के नारे लगाने शुरू कर दिए। इस पर उदयनिधि ने मुस्कान के साथ अपना भाषण रोककर ऐसी टिप्पणी की, जिसे कई लोगों ने अभिनेत्री त्रिषा की ओर इशारा और दोहरे अर्थ वाली आपत्तिजनक टिप्पणी के रूप में देखा। इसके बाद यह मामला राजनीतिक विवाद में बदल गया।
बयान के विरोध में प्रदर्शन को देखते हुए उदयनिधि स्टालिन के घर के बाहर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। टीवीके कार्यकर्ताओं ने घर के बाद प्रदर्शन किया। अन्य दल अमर्यादित बयान के लिए उदयनिधि स्टालिन से सार्वजनिक माफी की मांग कर रहा है।
बीजेपी ने उदयनिधि स्टालिन की गिरफ्तारी की मांग की है। तमिलनाडु बीजेपी के मुख्य प्रवक्ता नारायणन तिरुपति ने एक्स पर कहा कि उदयनिधि की दोहरे अर्थ वाली टिप्पणी घिनौनी, अश्लील, भद्दी और शर्मनाक है। सच तो यह है कि कोई बदमाश या चोर भी, जिसकी मां, पत्नी या बेटी हो, इतनी भद्दी बात नहीं करेगा। ऐसी बातें करने वालों को कोई भी मां, पत्नी या बेटी माफ नहीं करेगी।
वहीं, टीवीके के नेताओं ने भी उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग उठाई है।