अमेरिकी उप राष्ट्रपति के दौरे के मद्देनजर अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियों ने आगरा में डेरा डाला
आगरा। अमेरिका के उप राष्ट्रपति जेडी वेंस के 23 अप्रैल को आगरा दौरे के मद्देनजर अमेरिका सुरक्षा एजेंसियों के 80 सदस्यीय दल ने आज से आगरा में डेरा डाल दिया है। वह उप राष्ट्रपति के दौरे को लेकर सुरक्षा की तैयारियों का जायज़ा ले रहे हैं।
चप्पे-चप्पे पर तैनात रहेगा सुरक्षा बल
रास्ते भर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रहेगी धूम
इधर उप राष्ट्रपति वेंस के आगरा पहुंचने पर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खेरिया एयरपोर्ट पर उनकी आगवानी करेंगे।
गौरतलब है कि भारत दौरे पर उप राष्ट्रपति जेडी वेंस अपनी पत्नी और बच्चों के साथ आए हैं। उनकी पत्नी भारतीय मूल की हैं। वह कल जयपुर पहुंचेंगे। इसके बाद वह अपने परिवार के साथ 23 अप्रैल को सुबह 9.30 बजे जयपुर से आगरा आएंगे।
अमेरिकी उप राष्ट्रपति का एयरपोर्ट से ताजमहल के नजदीक स्थित शिल्पग्राम तक जोरदार स्वागत की तैयारी है। पूरे रास्ते में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रहेगी। खेरिया एयरपोर्ट से लेकर शिल्पग्राम तक रास्ते में 15 स्थानों पर सांस्कृतिक मंच बनाए जा रहे हैं, जहां भारतीय संस्कृति और कला की झलक प्रस्तुत की जाएगी। इस भव्य स्वागत में 20 से 25 स्कूलों के करीब 5 हजार से अधिक छात्र-छात्राएं भारत और अमेरिका के राष्ट्रीय ध्वज लहराते हुए सड़क के दोनों ओर खड़े होंगे।
अमेरिकी उप राष्ट्रपति के आगमन के मद्देनजर ताजमहल को दोपहर 12 बजे तक आम जनता के लिए बंद रखने का फैसला किया गया है। सुबह से ही टिकटों की बिक्री रोक दी जाएगी और किसी भी पर्यटक को ताजमहल में प्रवेश की अनुमति नहीं मिलेगी। इस दौरान पूर्वी गेट की दुकानें भी बंद रखी जा सकती हैं। सुरक्षा एजेंसियां आसपास के निवासियों का वेरिफिकेशन भी कर रही हैं। उनके आगमन पर चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल और सुरक्षा एजेंसियों के सदस्य तैनात रहेंगे। उनके आगमन को लेकर मंडलायुक्त, जिलाधिकारी और पुलिस कमिश्नर लगातार तैयारियों की समीक्षा कर रहे हैं।