ग़ज़ल और भक्ति की सुरधारा से सजा उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस समारोह, विवि ने कराया सांस्कृतिक आयोजन
आगरा। डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा की ओर से उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर जेपी सभागार में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें संगीत, भक्ति और सांस्कृतिक चेतना का अद्भुत संगम देखने को मिला। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहे ग़ज़ल गायक देशदीप शर्मा, जिनकी सधी हुई, भावपूर्ण और मधुर गायकी ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
देशदीप शर्मा ने कार्यक्रम की शुरुआत माँ सरस्वती की वंदना “वर दे वीणा वादिनी” से की। इस वंदना के साथ ही पूरा सभागार आध्यात्मिक ऊर्जा और श्रद्धा से सराबोर हो उठा। इसके पश्चात उन्होंने भक्ति रस से ओतप्रोत भजनों और ग़ज़लों की एक से बढ़कर एक प्रस्तुति देकर वातावरण को भावमय बना दिया।
तेरे तन में राम, मेरे मन में राम” पर झूम उठा सभागार
देशदीप शर्मा द्वारा प्रस्तुत भजन- तेरे तन में राम, मेरे मन में राम....ने सभागार में भक्तिमय माहौल बना दिया। श्रोता भावविभोर हो उठे और बार-बार तालियों की गड़गड़ाहट के साथ कलाकार का उत्साहवर्धन किया। उनकी आवाज़ में भावों की गहराई और प्रस्तुति की संजीदगी ने इस कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
श्रोताओं के दिलों पर छाई देशदीप शर्मा की गायकी
कार्यक्रम के दौरान देशदीप शर्मा की गायकी ने श्रोताओं को गहराई से प्रभावित किया। उनकी आवाज़ की मिठास, भावों की सच्चाई और प्रस्तुति की शालीनता ने हर वर्ग के दर्शकों को बांध कर रखा। कई श्रोताओं ने उनकी गायकी को उत्तर प्रदेश की समृद्ध संगीत परंपरा का सशक्त प्रतिनिधि बताया।
सफल संचालन और गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम का संचालन शिवम गुप्ता ने कुशलता से किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन पुरुषोत्तम मयूरा द्वारा प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के अनेक वरिष्ठ प्रोफेसर, अधिकारीगण तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।