टीयर्स के दिव्यांग बच्चों की राह आसान करेगी वैकमेट फाउंडेशन की बस, कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य ने किया शुभारंभ

आगरा। दिव्यांग बच्चों को शिक्षा और आत्मनिर्भरता की राह में बड़ी सुविधा मिलने जा रही है। वैकमेट फाउंडेशन ने अपनी कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) पहल के तहत संस्था टीयर्स को एक बस भेंट की है। इस बस का उद्घाटन उत्तर प्रदेश सरकार की कैबिनेट मंत्री (महिला कल्याण एवं बाल विकास) श्रीमती बेबी रानी मौर्य और वैकमेट फाउंडेशन की चेयरपर्सन श्रीमती रेखा अग्रवाल ने संयुक्त रूप से किया।

Jul 24, 2026 - 19:40
 0
टीयर्स के दिव्यांग बच्चों की राह आसान करेगी वैकमेट फाउंडेशन की बस, कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य ने किया शुभारंभ
टीयर्स परिसर में वैकमेट फाउंडेशन द्वारा भेंट की गई बस का शुभारंभ करतीं कैबिनेट मंत्री बेबीरानी मौर्य। साथ हैं रेखा अग्रवा, डॊ. रीता अग्रवाल और अन्य।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बेबी रानी मौर्य ने कहा कि इस प्रकार की पहल समाज के वंचित और दिव्यांग वर्ग के जीवन को सुगम बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने वैकमेट फाउंडेशन द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी पहल बताया।

वैकमेट फाउंडेशन के प्रतिनिधियों ने बताया कि संस्था शिक्षा, कौशल विकास और दिव्यांगजन कल्याण जैसे क्षेत्रों में निरंतर कार्य कर रही है। संस्था द्वारा प्रदान की गई बस दिव्यांग लाभार्थियों के आवागमन को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक बनाएगी, जिससे उन्हें शिक्षा तक पहुंचने में सहायता मिलेगी।

यह बस भगवान टॉकीज–दयालबाग–खंदारी–सिकंदरा मार्ग पर नियमित रूप से संचालित होगी। इससे दिव्यांग बच्चों और लाभार्थियों को आने-जाने में सुविधा मिलेगी तथा वे शिक्षा और अन्य गतिविधियों में अधिक सक्रिय रूप से भाग ले सकेंगे।

संस्था की निदेशिका डॉ. रीता अग्रवाल ने कहा कि यह बस केवल एक वाहन नहीं, बल्कि दिव्यांगजनों के लिए शिक्षा तक पहुंच, आत्मनिर्भरता और सम्मानजनक जीवन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से श्रीमती शिल्पा अग्रवाल, श्रीमती नीलम चौपड़ा, मुकेश अग्रवाल, पुनीत अग्रवाल, प्रेरणा अग्रवाल, कुंजिका अग्रवाल, सीमा घोष, ममता गोयल सहित संस्था के बच्चे और स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor