वेकमेट फाउंडेशन ने आगरा की श्री क्षेत्र बजाजा कमेटी को सौंपा शव वाहन

आगरा। सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए वेकमेट इंडिया फाउंडेशन की कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) इकाई वेकमेट फाउंडेशन ने जनसेवा के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। फाउंडेशन की ओर से श्री क्षेत्र बजाजा कमेटी को एक नया शव वाहन जनसेवार्थ भेंट किया गया। इस पहल का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को शवों के सम्मानजनक, सुरक्षित और सुगम परिवहन की सुविधा उपलब्ध कराना है। नए शव वाहन के जुड़ने से बजाजा कमेटी द्वारा संचालित शव वाहन सेवा और अधिक प्रभावी तथा त्वरित हो सकेगी।

Jul 26, 2026 - 16:56
 0
वेकमेट फाउंडेशन ने आगरा की श्री क्षेत्र बजाजा कमेटी को सौंपा शव वाहन
श्री क्षेत्र बजाजा कमेटी को शववाहन की चाबी सौंपते वेकमेट फाउंडेशन की चेयरपर्सन श्रीमती रेखा अग्रवाल।

वेकमेट इंडिया लिमिटेड परिसर में आयोजित कार्यक्रम में कंपनी डायरेक्टर मयंक अग्रवाल की माताजी और चेयरपर्सन श्रीमती रेखा अग्रवाल ने विधिवत रूप से शव वाहन की चाबी श्री क्षेत्र बजाजा कमेटी के पदाधिकारियों को सौंपी।

इस अवसर पर श्री क्षेत्र बजाजा कमेटी के अध्यक्ष अनिल जिंदल ने बताया कि नए शव वाहन के शामिल होने के बाद कमेटी के पास अब कुल 11 शव वाहन हो गए हैं। उन्होंने कहा कि कमेटी लंबे समय से जरूरतमंद लोगों को सम्मानजनक अंतिम यात्रा सेवा उपलब्ध कराने के लिए कार्य कर रही है और नए वाहन के मिलने से इस सेवा का विस्तार होगा।

कमेटी के महासचिव राजीव अग्रवाल ने बताया कि 11 शव वाहनों के अतिरिक्त कमेटी के पास अज्ञात शवों के लिए एक अलग वाहन, नेत्रदान सेवा के लिए एक वाहन तथा एसी ताबूत सेवा के लिए दो वाहन भी उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि कमेटी की कोशिश रहती है कि किसी भी परिवार को कठिन समय में शव परिवहन के लिए परेशानी का सामना न करना पड़े।

कार्यक्रम में अध्यक्ष अनिल जिंदल ने वेकमेट फाउंडेशन और दानदाता अग्रवाल परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सामाजिक संस्थाओं और उद्योग जगत के सहयोग से जनसेवा के कार्यों को और मजबूती मिलती है।

इस अवसर पर मयंक अग्रवाल, शिल्पा अग्रवाल, प्रदीप कुमार अग्रवाल सहित श्री क्षेत्र बजाजा कमेटी के पूर्व अध्यक्ष सुनील विकल, विशनू चौधरी, ताराचंद गोयल, प्रशान्त गुप्ता, संजीव गुप्ता, राम अग्रवाल, अनुज राठी, विपिन जिंदल सहित अन्य पदाधिकारी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor