प्रो. एसपी सिंह बघेल की सांसद खेल स्पर्धा में कल उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन एकलव्य स्टेडियम में मौजूद रहेंगे, आगरा के खेल इतिहास में स्वर्णिम अध्याय

आगरा के खेल इतिहास में एक नया और गौरवपूर्ण अध्याय जुड़ने जा रहा है। आगरा के सांसद प्रो. एसपी सिंह बघेल के मार्गदर्शन में आयोजित सांसद खेल स्पर्धा न केवल खिलाड़ियों को राष्ट्रीय मंच की अनुभूति करा रही है, बल्कि देश के शीर्ष नेतृत्व की उपस्थिति से यह आयोजन ऐतिहासिक स्वरूप भी ग्रहण करने जा रहा है। इस आयोजन में कल देश के उप राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन मौजूद रहेंगे।

Dec 23, 2025 - 10:50
 0
प्रो. एसपी सिंह बघेल की सांसद खेल स्पर्धा में कल उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन एकलव्य स्टेडियम में मौजूद रहेंगे, आगरा के खेल इतिहास में स्वर्णिम अध्याय
उप राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन।

आगरा। शहर में इन दिनों सांसद खेल स्पर्धा चल रही है, जिसका आयोजन आगरा के सांसद एवं केंद्र सरकार में राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल द्वारा एकलव्य स्टेडियम, आगरा में कराया जा रहा है। यह स्पर्धा युवाओं में खेल भावना, अनुशासन और प्रतिस्पर्धात्मक कौशल को विकसित करने की दिशा में एक सशक्त पहल मानी जा रही है।

इस आयोजन की विशेष बात यह है कि भारत के उप राष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन 24 दिसंबर को दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक मुख्य अतिथि के रूप में एकलव्य स्टेडियम में उपस्थित रहेंगे। उप राष्ट्रपति की गरिमामयी उपस्थिति से खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ेगा और आगरा को राष्ट्रीय स्तर पर एक नई पहचान मिलेगी।

सांसद प्रो. एसपी सिंह बघेल ने कहा कि सांसद खेल स्पर्धा का उद्देश्य केवल प्रतियोगिता कराना नहीं, बल्कि ग्रामीण व शहरी प्रतिभाओं को मंच देना, उन्हें आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करना और खेल संस्कृति को सुदृढ़ करना है। उन्होंने आगरा के नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में आयोजन स्थल पर पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करें।

प्रो. बघेल ने इसे आगरा शहर के लिए एक ऐतिहासिक क्षण बताते हुए कहा कि ऐसे अवसर विरले ही आते हैं, जब खेल, युवा और देश का शीर्ष संवैधानिक पद एक मंच पर एकत्रित हों। उन्होंने शहरवासियों से आग्रह किया कि वे इस गौरवपूर्ण पल के साक्षी अवश्य बनें और खिलाड़ियों को तालियों व उत्साह से आगे बढ़ने की प्रेरणा दें।

SP_Singh AURGURU Editor