दुबारा चैन लूट की फिराक में था शातिर लुटेरा, आगरा पुलिस ने दबोचा, साथी फरार

आगरा। शनिवार को हरीपर्वत कोतवाली पुलिस ने एक शातिर चैन लुटेरे को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पकड़ा गया आरोपी रवि कश्यप, इटावा का रहने वाला है और उस पर कई जिलों में चैन लूट के मुकदमे दर्ज हैं। उसका साथी सनद जैन अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। दोनों लंबे समय से चैन लूट की वारदातों को अंजाम देते आ रहे थे।

Nov 9, 2025 - 15:21
 0
दुबारा चैन लूट की फिराक में था शातिर लुटेरा, आगरा पुलिस ने दबोचा, साथी फरार
शातिर चैन लुटेरा रवि कश्यप।

आगरा। शनिवार को हरीपर्वत कोतवाली  पुलिस ने एक शातिर चैन लुटेरे को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पकड़ा गया आरोपी रवि कश्यप, इटावा का रहने वाला है और उस पर कई जिलों में चैन लूट के मुकदमे दर्ज हैं। उसका साथी सनद जैन अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। दोनों लंबे समय से चैन लूट की वारदातों को अंजाम देते आ रहे थे।

पुलिस के अनुसार, शनिवार को दोनों किसी नई वारदात की साजिश रचने पहुंचे थे, लेकिन पुलिस की तत्परता से रवि कश्यप को दबोच लिया गया। गिरफ्तार आरोपी के पास से लूट में प्रयुक्त पल्सर बाइक और ₹5000 नकद बरामद किए गए हैं।

कई जिलों में सक्रिय था गिरोह

जांच में सामने आया है कि रवि कश्यप ने ग्वालियर और फिरोजाबाद में कई चैन लूट की घटनाओं को अंजाम दिया था। वहीं उसका साथी सनद जैन अहमदाबाद, इटावा, ग्वालियर और फिरोजाबाद में लूट के मामलों में वांछित है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि आगरा और फिरोजाबाद से लूटी गई सोने की चैनें वर्तमान में उसके फरार साथी सनद जैन के पास हैं।

दहेज हत्या का आरोपी भी रह चुका है रवि कश्यप

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि रवि कश्यप पहले दहेज हत्या के मामले में आरोपी रह चुका है। उस पर पहले से ही कई गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। कुछ दिन पहले इसी गिरोह ने पालीवाल पार्क के बाहर एक शिक्षिका से चैन लूट की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस का मानना है कि शनिवार को भी ये दोनों किसी नई वारदात की योजना बना रहे थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने जाल बिछाकर रवि को पकड़ लिया।

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

इस सफल कार्रवाई में इंस्पेक्टर हरीपर्वत नीरज शर्मा, सब इंस्पेक्टर मोहित शर्मा, सब इंस्पेक्टर पूनम त्यागी, सब इंस्पेक्टर अशफाक अहमद, कॉन्स्टेबल नितिन और देवेंद्र कसाना की टीम ने अहम भूमिका निभाई। पुलिस अब फरार साथी सनद जैन की तलाश में दबिशें दे रही है।