दृष्टिकोण संस्था ने हेल्प आगरा को 80 डायलाइजर किट समेत चिकित्सा उपकरण किए भेंट
आगरा। जरूरतमंद मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में सामाजिक संस्था दृष्टिकोण संस्था ने सराहनीय पहल करते हुए हेल्प आगरा द्वारा संचालित डायलिसिस सेवा के लिए 80 डायलाइजर किट (इंजेक्शन सहित) तथा अन्य आवश्यक चिकित्सा एवं राहत सामग्री भेंट की। इस सहयोग से आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को उपचार में बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही संस्था ने मिढ़ाकुर स्थित वृद्धाश्रम के लिए हेल्प आगरा के सहयोग से एक रेफ्रिजरेटर भी उपलब्ध कराया।
हेल्प आगरा भवन में आयोजित कार्यक्रम में दृष्टिकोण संस्था की ओर से 80 डायलाइजर किट, 10 अन्नपूर्णा किट, 5 व्हीलचेयर, 5 वॉकर तथा 10 स्टिक हेल्प आगरा के पदाधिकारियों को सौंपे गए। इन संसाधनों का उपयोग जरूरतमंद मरीजों और दिव्यांगजनों की सहायता के लिए किया जाएगा।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि जरूरतमंद लोगों की सहायता करना, स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाना और जनहित के कार्यों में सहयोग देना दृष्टिकोण संस्था की प्राथमिकताओं में शामिल है। संस्था ने भविष्य में भी इसी प्रकार के सेवा कार्य निरंतर जारी रखने का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम में दृष्टिकोण संस्था की संस्थापिकाओं अर्चना, मंजरी, माधुरी, मिली तथा प्रीति गुप्ता ने संस्था का परिचय देते हुए उसके सामाजिक और सेवा कार्यों की जानकारी साझा की।
हेल्प आगरा के अध्यक्ष सुरेंद्र जैन ने दृष्टिकोण संस्था के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज के सहयोग से ही जरूरतमंद मरीजों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाई जा सकती हैं। महामंत्री गौतम सेठ ने हेल्प आगरा द्वारा संचालित विभिन्न जनसेवा गतिविधियों और विशेष रूप से डायलिसिस सेवा की जानकारी दी।
कार्यक्रम में दृष्टिकोण संस्था की ओर से सलोनी, ज्योति, आभार, सीमा, नेहा, सुनीता, बबली तथा काजल उपस्थित रहीं। वहीं हेल्प आगरा की ओर से नरेश जैन, अनुज राठी, नंदकिशोर गोयल, राजीव गुप्ता, विशेष बंसल और मनीष गर्ग सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।