कुत्ते की बेरहमी से पिटाई का वीडियो वायरल, शाहगंज में मां-बेटी पर पशु क्रूरता का मुकदमा दर्ज

आगरा। थाना शाहगंज क्षेत्र की प्रहलाद नगर कॉलोनी में पशु क्रूरता का मामला सामने आने के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया। आरोप है कि एक महिला और उसकी बेटी ने सड़क पर घूम रहे एक कुत्ते को डंडे से बेरहमी से पीटा। घटना का वीडियो सामने आते ही पशु प्रेमियों में नाराजगी फैल गई और मामले ने तूल पकड़ लिया।

Dec 30, 2025 - 21:24
 0
कुत्ते की बेरहमी से पिटाई का वीडियो वायरल, शाहगंज में मां-बेटी पर पशु क्रूरता का मुकदमा दर्ज
कुत्ते को डंडे से पीटती महिला।

आगरा। थाना शाहगंज क्षेत्र की प्रहलाद नगर कॉलोनी में पशु क्रूरता का मामला सामने आने के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया। आरोप है कि एक महिला और उसकी बेटी ने सड़क पर घूम रहे एक कुत्ते को डंडे से बेरहमी से पीटा। घटना का वीडियो सामने आते ही पशु प्रेमियों में नाराजगी फैल गई और मामले ने तूल पकड़ लिया।

बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो को देखने के बाद पशु प्रेमी मौके पर पहुंचे और स्थिति की जानकारी लेते हुए तत्काल 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू की।

स्थानीय लोगों और पशु प्रेमियों का आरोप है कि उक्त मां-बेटी अक्सर कॉलोनी में घूमने वाले आवारा कुत्तों को बेवजह डंडों से पीटती रहती हैं, जिससे कुत्तों को गंभीर चोटें आती हैं। इस बार घटना कैमरे में कैद हो गई, जिसके चलते मामला पुलिस तक पहुंचा।

पुलिस ने पशु प्रेमियों की तहरीर और वायरल वीडियो के आधार पर मां-बेटी के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना के बाद पशु प्रेमियों ने प्रशासन से मांग की है कि पशुओं के साथ इस तरह की क्रूरता करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।