ओकेंद्र राणा का वीडियो संदेश- एक ब्रेक के बाद 12 को आगरा में फिर मिलेंगे

आगरा। करणी सेना की युवा इकाई के राष्ट्रीय अध्य़क्ष ओकेंद्र सिंह राणा ने आगामी 12 अप्रैल को आगरा में राणा सांगा की जयंती मनाने की घोषणा किए जाने के बाद जिले की राजनीति और गर्मा सकती है। राणा ने इस जयंती समारोह के लिए देश भर से क्षत्रिय नेताओं को आगरा पहुंचने के लिए आमंत्रित किया है।

Mar 28, 2025 - 20:54
 0
ओकेंद्र राणा का वीडियो संदेश- एक ब्रेक के बाद 12 को आगरा में फिर मिलेंगे

-राणा सांगा की जयंती धूमधाम से मनाएंगे और अपने हक की लड़ाई के लिए हुंकार भरेंगे

आगरा की क्षत्रिय सभा ने राणा सांगा जयंती समारोह में सहयोग की घोषणा की है। 

समाजवादी पार्टी के राज्यसभा सांसद रामजी लाल सुमन द्वारा राणा सांगा पर विवादास्पद बयान के बाद राजनीतिक माहौल पहले से ही गर्माया हुआ है। करणी सेना के नेतृत्व में ही सुमन के आगरा स्थित आवास पर विरोध प्रदर्शन के दौरान बवाल किया गया था। इस घटना में ओकेंद्र राणा नामजद हैं। 

ओकेंद्र राणा ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट कर ऐलान किया है कि 12 अप्रैल को आगरा में महाराणा सांगा का जयंती समारोह भव्य रूप से मनाने के लिए आ रहे हैं। इसमें पूरे देश के क्षत्रिय समाज को आमंत्रित किया जाएगा। राणा ने कहा है कि राणा सांगा के जयंती समारोह में राजस्थान, गुजरात, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश और अन्य राज्यों से करणी सेना के सदस्य और क्षत्रिय समाज के लोग एकत्रित होंगे। 

ओकेंद्र राणा ने अपने एक वीडियो संदेश में यह भी बताया है कि 26 मार्च के विरोध प्रदर्शन के दौरान उनके हाथ में फ्रैक्चर हुआ। ऑपरेशन हो चुका है। उन्होंने यह भी कहा कि इस बार 'बुलडोजर' वे नहीं, बल्कि देश भर से आने वाले लोग लेकर आएंगे, जो समाज के हक की लड़ाई लड़ेंगे। उनका कहना है कि यह अपने समाज के हक की लड़ाई लड़ने का समय है। आप सबसे निवेदन है कि आप सब आएं. मिलते हैं एक ब्रेक के बाद. मिलेंगे आगरा में।'

इधर आगरा की क्षत्रिय सभा की क्षत्रिय सदन पर हुई एक बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 12 अप्रैल को राणा सांगा की जयंती धूमधाम से मनाई जाएगी। इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए एक समिति का गठन भी किया गया है।