एनसीसी के अनुशासन से सेना के लेफ्टिनेंट बने विपुल प्रताप सिंह, आगरा कॉलेज में हुआ अभिनंदन
आगरा। एनसीसी एयर विंग, आगरा कॉलेज के पूर्व कैडेट विपुल प्रताप सिंह भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट नियुक्त हुए हैं। उनकी इस उपलब्धि पर आगरा कॉलेज में उनका स्वागत और अभिनंदन किया गया। महाविद्यालय के अधिकारियों, एनसीसी अधिकारियों, शिक्षकों और कैडेट्स ने उन्हें बधाई देते हुए सफल सैन्य जीवन की शुभकामनाएं दीं।
एनसीसी प्रशिक्षण से मिली सफलता की राह
एनसीसी एयर विंग के फ्लाइंग ऑफिसर नितेश शर्मा ने बताया कि विपुल प्रताप सिंह ने मेहनत, अनुशासन, समर्पण और एनसीसी प्रशिक्षण के बल पर यह उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने कहा कि एनसीसी युवाओं में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, आत्मविश्वास, जिम्मेदारी और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
प्राचार्य ने किया अभिनंदन
आगरा कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सीके गौतम ने लेफ्टिनेंट विपुल प्रताप सिंह का स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल और सफल सैन्य जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि विपुल की सफलता महाविद्यालय के लिए गर्व का विषय है। उनकी उपलब्धि वर्तमान एनसीसी कैडेट्स के लिए प्रेरणा बनेगी और उन्हें राष्ट्रसेवा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करेगी।
एनसीसी अधिकारियों और कैडेट्स ने दी बधाई
कार्यक्रम में एनसीसी आर्मी विंग के अधिकारी कैप्टन अमित अग्रवाल और कैप्टन रीता निगम, शिक्षक डॉ. भोपाल सिंह और डॉ. आनंद प्रताप सिंह सहित एनसीसी कैडेट्स मौजूद रहे। सभी ने लेफ्टिनेंट विपुल प्रताप सिंह को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।