बाढ़ग्रस्त क्षेत्र का दौराः जब विधायक बाबूलाल ने चलाया ट्रैक्टर और सवार बने मंडलायुक्त

आगरा। यमुना का जलस्तर बढ़ने से गांवों में आई बाढ़ का निरीक्षण करने पहुंचे मंडलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह को पीड़ितों तक पहुंचने के लिए ट्रैक्टर की सवारी करनी पड़ी। यही नहीं, मंडलायुक्त को पीड़ितों तक पहुंचाने के लिए ट्रैक्टर की स्टेयरिंग क्षेत्रीय विधायक चौधरी बाबूलाल ने संभाल रखी थी। ट्रैक्टर में सवार होकर विधायक और मंडलायुक्त को अपने बीच देखकर ग्रामीण अपनी आधी परेशानी तो वैसे ही भूल गए।

Sep 9, 2025 - 21:00
 0
बाढ़ग्रस्त क्षेत्र का दौराः जब विधायक बाबूलाल ने चलाया ट्रैक्टर और सवार बने मंडलायुक्त
किरावली क्षेत्र के बाढ़ पीड़ितों तक पहुंचने के लिए ट्रैक्टर पर सवार मंडलायुक्त शैलेंद्र कुमार सिंह जबकि विधायक चौधरी बाबूलाल ट्रैक्टर चलाते दिख रहे हैं।

-मण्डलायुक्त ने यमुना नदी में आई बाढ़ तथा बाढ़ राहत केंद्रों का किया निरीक्षण, कैलाश गांव और कैलाश मंदिर भी पहुंचे

मंडलायुक्त आज जिले में आई बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों और राहत शिविरों का निरीक्षण करने निकले हुए थे। शहरी क्षेत्र का निरीक्षण करने के बाद वह तहसील किरावली के ग्राम पंचायत सामरा पहुंचे? जहां उन्होंने क्षेत्रीय विधायक चौधरी बाबूलाल के साथ ट्रैक्टर में बैठकर बाढ़ प्रभावित ग्राम नगला सोमनाथ का निरीक्षण किया। यहां यमुना नदी में आई बाढ़ के कारण किसानों की फसलें व खेत जलमग्न हो चुके हैं।

अफसर फसलों में नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट बनाएं

मंडलायुक्त ने प्रभावित क्षेत्र का दौरा करने के बाद संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि एक टीम गठित कर किसानों की फसलों के नुकसान का आंकलन कर उचित मुआवजा दिलाए जाने हेतु रिपोर्ट तैयार की जाए। उन्होंने क्षेत्रीय लोगों की मांग पर बारिश और जलभराव के कारण क्षतिग्रस्त हो चुकी सड़कों का जीर्णोद्धार कराने एवं भरतपुर की ओर से आने वाले पानी को रोकने हेतु बंदी की कार्यवाही किए जाने का आश्वासन दिया।

बल्केश्वर में राहत केंद्र देखा

इससे पहले मण्डलायुक्त बल्केश्वर स्थित आईटीआई पहुंचे, जहां बाढ़ राहत केंद्र बनाया गया है। यहां पर बल्केश्वर के सरस्वती नगर के आगे रजवाड़ा क्षेत्र में बसे उन प्रभावित परिवारों को शरण दी गई है, जिनके घरों में यमुना नदी का पानी पहुंचने से आम जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। विगत तीन दिनों से वे सभी लोग राहत केंद्र पर ही जीवन यापन कर रहे हैं।

मौके पर क्षेत्रीय विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, पार्षदगण और अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे, जो राहत केंद्र की व्यवस्था में सहयोग कर रहे हैं। मंडलायुक्त ने प्रभावित परिवार की महिलाओं व बच्चों से बातचीत कर हालचाल लिया और जाना कि उन्हें ठीक प्रकार से भोजन पानी मिल रहा है या नहीं। उन्हें अवगत कराया गया कि इस राहत केंद्र पर लगभग 150 लोग रह रहे हैं, जिनके लिए समुचित रहने और खाने-पीने की व्यवस्था की गई है। आयुक्त ने बल्केश्वर घाट से कॉलोनी की तरफ बढ़ रहे यमुना नदी के पानी के स्तर के बारे में संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि और भी क्षेत्र प्रभावित होते हैं, तो उन क्षेत्रों के प्रभावित परिवारों के लिए भी उचित व्यवस्था के प्रबंध किए जाएं।

कैलाश गांव में पहुंचकर दिए निर्देश

इसके बाद मंडलायुक्त सिंह ने कैलाश गांव, मंदिर परिसर व यमुना घाट का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी आम जन को घाट की तरफ नहीं जाने दिया जाए। जिन गलियों में पानी भरा है, वहां लोगों को बाहर निकलने से रोका जाए। इसके अलावा प्राथमिक विद्यालय में बनाए गए बाढ़ राहत केंद्र का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आपातकालीन स्थिति में सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस मौके पर एडीएम वित्त व राजस्व शुभांगी शुक्ला, एसडीएम किरावली नीलम तिवारी, नायब तहसीलदार अनिल चौधरी व तहसील सदर एवं किरावली की राजस्व टीम मौजूद रहीं।Top of Form

Bottom of Form

SP_Singh AURGURU Editor