आगरा में चार माह तक पीर कल्याणी नसिया जी में गूंजेगा धर्म, तप और साधना का स्वर

आगरा। मोतीलाल नेहरू रोड स्थित श्री नेमिनाथ दिगंबर जैन अतिशय क्षेत्र पीर कल्याणी नसिया जी में बुधवार को आचार्य श्री चैत्यसागर जी महाराज ससंघ के चातुर्मास मंगल कलश स्थापना समारोह का भव्य आयोजन हुआ। इस आयोजन के साथ ही शहर में धर्म, ध्यान, तप और साधना के चार पावन महीनों की शुरुआत हो गई। पूरे परिसर में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अनुपम संगम देखने को मिला।

Jul 10, 2025 - 11:21
 0
आगरा में चार माह तक पीर कल्याणी नसिया जी में गूंजेगा धर्म, तप और साधना का स्वर
पीर कल्याणी नसिया जी में गुरुवार सुबह चातुर्मास मंगल कलश स्थापना समारोह की एक झलक।

-आचार्य श्री चैत्यसागर जी महाराज ससंघ का चातुर्मास मंगल कलश स्थापना समारोह भक्ति एवं श्रद्धा के साथ संपन्न

ध्वजारोहण और दीप प्रज्वलन से हुई कार्यक्रम की शुरुआत

कार्यक्रम का शुभारंभ वात्सल्य आरोग्यधाम ट्रस्ट के ट्रस्टी चिंतामणि जैन, राजेश काला एवं विजय पाटनी द्वारा ध्वजारोहण कर किया गया। तत्पश्चात समाधिस्थ आचार्य श्री विमलसागर जी महाराज के चित्र का अनावरण कर दीप प्रज्ज्वलन हुआ।

बालिकाओं का मंगल नृत्य और चरण प्रक्षालन

छोटी बालिकाओं ने भक्ति गीत पर सुंदर नृत्य प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय कर दिया। इसके बाद भरतपुर के चांदवाड़ परिवार ने आचार्यश्री के चरणों का पावन प्रक्षालन किया। जलेसर, कोसमा और आगरा के श्रद्धालुओं ने आचार्यश्री के चरणों में श्रीफल अर्पित कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

पूजन, शास्त्र और वस्त्र अर्पण

बैनाड़ा, मारसंस और पांडया परिवार द्वारा आचार्य संघ को शास्त्र, वस्त्र और गुणमाला भेंट की गई। बाहर से आए श्रद्धालुओं ने अष्टद्रव्यों की थाल सजाकर आचार्य श्री विमलसागर जी महाराज एवं आचार्य श्री चैत्यसागर जी महाराज का विशेष पूजन किया।

चातुर्मास आत्मा को शुद्ध करने का समय

कार्यक्रम के मध्य आचार्य श्री चैत्यसागर जी महाराज ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा, संत वर्षा ऋतु में एक स्थान पर चातुर्मास इसलिए करते हैं क्योंकि इस मौसम में असंख्य जीवों की उत्पत्ति होती है। उनके आवागमन से कोई हिंसा न हो, यही करुणा भावना चातुर्मास का मूल आधार है। यह समय आत्म-संयम, साधना और आत्मा को शुद्ध करने का होता है।

मुख्य मंगल कलश स्थापना

मुख्य चातुर्मास मंगल कलश स्थापना का सौभाग्य प्रदीप जैन (पीएनसी परिवार) को प्राप्त हुआ। द्वितीय मंगल कलश निर्मल मोठया, हीरालाल बैनाड़ा, भोलानाथ सिंघई, विमल मारसंस परिवार तथा तृतीय मंगल कलश राजेंद्र जैन एडवोकेट एवं विजय बैनाड़ा परिवार द्वारा स्थापित किए गए। अन्य कई श्रद्धालु भी मंगल कलश स्थापना में सहभागी बने।

बड़ी संख्या में मौजूद रहे श्रद्धालुजन

कार्यक्रम का संचालन मनोज जैन बाकलीवाल ने किया। इस अवसर पर जगदीश प्रसाद जैन, सुनील जैन ठेकेदार, राकेश जैन पर्देवाले, अनंत जैन, राजेंद्र जैन, अशोक जैन, सुनील जैन काका, सुशील जैन, राजेश जैन लालू, अक्षय जैन, विशाल जैन सहित सकल आगरा जैन समाज व अन्य नगरों से पधारे श्रद्धालु बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। मीडिया प्रभारी शुभम जैन ने जानकारी दी।

SP_Singh AURGURU Editor