विद्युत मोक्षधाम पर पितरों को समर्पित खाटू श्याम की भजन संध्या में गूंजे भक्तिरस के स्वर

आगरा। पितृपक्ष के अवसर पर खाटू श्याम भक्ति से सराबोर आगरा का विद्युत मोक्षधाम एक अद्भुत भजन संध्या का साक्षी बना। श्री क्षेत्र बजाजा कमेटी के तत्वावधान और श्री श्याम सखा मंडल पथवारी, बेलनगंज, आगरा के सहयोग से आयोजित इस संगीतमयी कार्यक्रम में भजन गायकों की प्रस्तुतियों ने ऐसा माहौल बनाया कि पूरा सत्संग हॉल श्याम-श्याम के जयकारों से गूंज उठा।

Sep 14, 2025 - 19:38
 0
विद्युत मोक्षधाम पर पितरों को समर्पित खाटू श्याम की भजन संध्या में गूंजे भक्तिरस के स्वर
विद्युत शवदाह गृह (मोक्षधाम) पर पितरों को समर्पित भजन संध्या की एक झलक।

हर वर्ष की भांति इस बार भी पितृपक्ष पर पूर्वजों को समर्पित संगीतमयी खाटू श्याम भजन संध्या का आयोजन विद्युत मोक्षधाम के सत्संग हॉल में किया गया था।

भजन संध्या में लप्पी भगत और शालू दीवाना सहित कई प्रसिद्ध भजन गायकों ने खाटू नरेश की महिमा का गुणगान किया। ‘मैली चादर ओढ़ के मैं भी द्वार तुम्हारे आया’, ‘कदम कदम पर रक्षा करता और घर घर करे उजाला’, ‘मेरा बाबा खाटू श्याम वाला’, ‘आस भी तुम्हारी है, विश्वास भी तुम्हारा है, एक तेरे सिवा बाबा कौन हमारा है…।’ जैसे भजनों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

भक्तिरस में सराबोर दर्शक झूम उठे और तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा वातावरण भक्ति भाव में रंग गया। विशेष रूप से बबीता पाठक की भजन प्रस्तुति ने खूब सराहना बटोरी।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला संगठन की उपस्थिति रही, जिन्होंने सामूहिक रूप से भजनों का आनंद लिया।

भजन संध्या में प्रमुख अतिथि और गणमान्य लोगों की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई। अध्यक्ष अनिल जिंदल, आगरा व्यापार मंडल अध्यक्ष टी.एन. अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष सुनील विकल, महासचिव राजीव अग्रवाल, संजीव गुप्ता, नंद किशोर गोयल, मनोज शर्मा, राजीव गुप्ता, नंदकिशोर गोयल, ताराचंद गोयल, विष्णु गर्ग, प्रमोद गुप्ता, विपिन जिंदल, अनुज राठी, शिवकुमार गुप्ता और श्याम भोजवानी विशेष रूप से मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor